फतेहाबाद। अबकी बार मानसून में अच्छी बारिश से जिले के 21 गांवों में जलभराव होने से फसलें प्रभावित हुई हैं। इसको लेकर जिला राजस्व विभाग ने पटवारियों से गिरदावरी का काम शुरू करवा दिया है। जिले में अभी तक 5705 एकड़ में गिरदावरी का काम पूरा हो गया है।
बारिश से जिले के सेमग्रस्त गांवों में जलभराव की स्थिति बनने से नरमा, ग्वार, धान और मूंगफली की फसल प्रभावित होकर नष्ट हो गई। इसको लेकर किसानों ने नुकसान की भरपाई के लिए स्पेशल गिरदावरी करवाकर मुआवजे क मांग की थी। इससे 5 अगस्त से राजस्व विभाग ने गिरदावरी का काम शुरू कर दिया। पटवारियों को फसलों में नुकसान की गिरदावरी का काम 5 सितंबर तक पूरा करना है।
-
इन गांवों में है जलभराव
जिले में सेमग्रस्त हो चुकी भूमि की जलग्रहण करने की क्षमता कम हो गई है। इससे इस भूमि में कम बारिश में ही जलभराव की स्थिति बन गई है। भट्टू खंड के गांव ठुईयां, खाबड़ा कलां, ढाबी कलां, ढाबी खुर्द, बनमंदोरी, पीलीमंदोरी, सूलीखेड़ा, शेखूपुर, रामसरा, भट्टू कलां, गदली और चूली बागड़ियां शामिल हैं। वहीं फतेहाबाद खंड के गांव बड़ोपल, बनगांव, खारा खेड़ी और धांगड़ गांव में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
-
गिरदावरी का काम पूरा होने के बाद खुलेगा ई-क्षति पूर्ति पोर्टल
जलभराव से हुए क्षेत्र की गिरदावरी का काम पूरा होने के बाद सरकार की ओर से ई-क्षति पूर्ति पोर्टल पर आवेदन होगा। जिसमें किसानों को अपनी भूमि के मरबा नंबर व फसल का ब्योरा देना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नुकसान की वेरिफिकेशन की जाएगी।
:: जलभराव हुए क्षेत्र की गिरदावरी जारी है। इसको 5 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद प्रशासन को रिपोर्ट पेश की जाएगी। इसके बाद ई- क्षति पूर्ति पोर्टल ओपन होगा।
-श्याम लाल, जिला राजस्व अधिकारी, फतेहाबाद।