फतेहाबाद। जिले में जून माह के दौरान पहली बार इस वर्ष बेटों की तुलना में बेटियों का जन्म अधिक दर्ज किया गया है। जून का लिंगानुपात बढ़कर 1005 पहुंच गया, जबकि जनवरी से जून तक जिले का औसत लिंगानुपात 917 दर्ज हुआ है। यह पिछले माह के 899 के मुकाबले उल्लेखनीय सुधार माना जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से जून तक जिले में 3263 लड़कों और 2991 लड़कियों का जन्म हुआ। वहीं जून माह में 527 लड़कों के मुकाबले 530 लड़कियां जन्मीं, जिससे मासिक लिंगानुपात 1005 दर्ज किया गया। दूसरी ओर विभाग ऐसे गांवों की सूची भी तैयार कर रहा है, जहां लिंगानुपात 700 से कम है।
इन गांवों में कार्यरत आशा वर्कर और एएनएम से जवाब मांगा जा सकता है। विभाग का उद्देश्य कम लिंगानुपात वाले क्षेत्रों की स्थिति में सुधार लाना है। उल्लेखनीय है कि मई माह में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिले के विभिन्न अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर निरीक्षण अभियान भी चलाया था। विभाग का मानना है कि लगातार निगरानी और जागरूकता के प्रयासों से लिंगानुपात में सुधार देखने को मिल रहा है।
-
अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर विभाग की नजर
स्वास्थ्य विभाग ने मई माह में अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण किया था। जिन केंद्रों में खामियां मिली थी उन्हें नोटिस जारी किए गए थे। अब फिर विभाग कार्रवाई की तैयारी में है।
-
खराब लिंगानुपात वाले गांवों के अधिकारियों के जारी हो सकते हैं नोटिस
जिले का लिंगानुपात बेशक 900 से ज्यादा पहुंच गया है लेकिन कई बड़े गांव ऐसे हैं जहां पर स्थिति अभी खराब है। यहां पर लड़कियों के मुकाबले लड़कों का जन्म सबसे ज्यादा हुआ है। 700 से कम लिंगानुपात वाले गांवों की विभाग सूची तैयार करने के बाद नोटिस जारी करेगा।
-
जिले का ये रहा है लिंगानुपात
वर्ष लिंगानुपात
2015 894
2016 923
2017 912
2018 893
2019 924
2020 937
2021 898
2022 950
2023 934
2024 926
2025 961
-
जिले का इस साल ये रहा है लिंगानुपात
माह लिंगानुपात
जनवरी 899
फरवरी 885
मार्च 839
अप्रैल 948
मई 932
जून 1005
-
जिले का लिंगानुपात 900 से ज्यादा पहुंच गया है। विभाग की तरफ से भी लगातार निगरानी हो रही है। गांवों में भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
- डॉ. निरपाल, जिला नोडल अधिकारी, पीएनडीटी