फतेहाबाद। नशा तस्करी में शामिल दो तस्करों की लगभग 23 लाख रुपये की अवैध संपत्तियों को पुलिस ने फ्रीज करवाया है। अब तक कुल 7 नशा तस्करों की लगभग 1.75 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियों को कानून के दायरे में लाया जा चुका है। वहीं दूसरे मामले में नशा तस्करों से हेरोइन व चूरापोस्त भी बरामद किए।
एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि सीआईए फतेहाबाद ने आरोपी विकास निवासी ढाणी ढाबी खुर्द, थाना भट्टू कलां से वर्ष 2025 में उसके कब्जे से 5.27 ग्राम हेरोइन बरामद होने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं जिससे वह आदतन नशा तस्कर साबित हुआ। आरोपी के खिलाफ पहला अभियोग वर्ष 2019 में दर्ज हुआ था। वित्तीय जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी की संपत्तियां उसकी वैध आय से कई गुना अधिक हैं।
इसके आधार पर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-एफ (1) के तहत कार्रवाई करते हुए उसका 7 कनाल में बना रिहायशी मकान जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16.60 लाख रुपये है। पुलिस ने फ्रीज करवाया। ये कार्रवाई सेफमा नई दिल्ली की स्वीकृति के बाद अमल में लाई गई। आरोपी के खिलाफ 6 एनडीपीएस समेत आठ मामले दर्ज हैं।
दूसरे मामले में आरोपी हेतराम उर्फ हेतू निवासी महमड़ा को वर्ष 2020 में 42 किलोग्राम चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से चूरा पोस्त व अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था। वित्तीय जांच के दौरान उसकी संपत्ति संदिग्ध पाई गई। इसके चलते उसकी एक स्विफ्ट कार, एक रिट्ज कार तथा एक मोटरसाइकिल को फ्रीज किया गया। आरोपी के खिलाफ पांच प्राथमिकी दर्ज है।