फतेहाबाद। जिले से होकर गुजरने वाले दिल्ली-डबवावली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अवैध कट बंद करवाने के बावजूद लोग अपनी सहुलियत को इन्हें बार-बार खोल रहे हैं। इनसे निपटने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सख्ती दिखाते हुए अज्ञात के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दी है।
दरअसल, राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह अवैध कट बने हुए हैं। जिनमें से माजरा रोड के सामने व भूना पुल के बीच तीन जगह अवैध कट हैं। उपायुक्त मनदीप कौर ने राजमार्ग पर बने अवैध कट बंद करवाने के निर्देश जारी किए थे, ताकि कोई अनहोनी न हो। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा इन कटों को 19 नवंबर को बंद करके भारी पत्थर रखे गए थे।
मगर अज्ञात द्वारा इन कटों को जेसीबी की सहायता से करीब 15 दिनों बाद ही फिर से खोल दिया गया। पिछले कुछ दिनों से भूना पुल से करीब एक किलोमीटर पहले ही नया अवैध कट बन गया है। इस कट से भी वाहन चालक राजमार्ग को पार कर रहे हैं। ऐसे में हाईवे पर अवैध रूप से खोले गए इन कटों से आवागमन के दौरान तेज रफ्तार से आने वाले वाहन की चपेट में आने की आशंका बनी रहती है। खासकर कोहरे के समय इन कटों से गुजरने के दौरान हादसे की आशंका और ज्यादा बढ़ जाएगी।
-
700 मीटर दूर से घूमकर जाने से बचने के लिए बना रहे अवैध कट
फतेहाबाद शहर की ओर से माजरा को जाने के लिए करीब 700 मीटर दूर से ओवरब्रिज तक घूमकर जाना होता है। माजरा की ओर से आते समय या तो गलत दिशा में चलकर इसी ओवरब्रिज के नीचे से या फिर एक किलोमीटर से भी ज्यादा दूर स्थित भूना मोड़ से घूमकर आना होता है। इस दूरी को तय करने से बचने के लिए वाहन चालक डिवाइडर के ऊपर से जगह बनाकर राजमार्ग को पार कर रहे हैं। इन कटों को कई बार बंद करके लोहे की ग्रिल लगाई जा चुकी है। इसके बावजूद लोग फिर से अवैध कट बना लेते हैं।
:: माजरा रोड के पास बने अवैध कट को 20 से भी अधिक बार बंद किया गया है। कई बार तो राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से जेसीबी के साथ टीम भेजकर भारी पत्थर रखवाए गए हैं। इसके बावजूद एक सप्ताह से पहले ही कट फिर से खोल दिए जाते हैं। अवैध कटों को बार-बार खोले जाने के कारण अज्ञात के खिलाफ फतेहाबाद थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
सुभाष भांभू, रेजिडेंटल इंजीनियर, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, हिसार।