भूना।खैरी रोड पर 5 एकड़ में काटी जा रही अवैध कॉलोनी की बाउंड्री वॉल पर चलता बुलडोज़र। संवाद।
भूना। नगर योजनाकार विभाग ने शुक्रवार को खैरी रोड पर 5 एकड़ भूमि में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई की है। डीटीपी अंजू दूहन के नेतृत्व में टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पालिका अभियंता नरेंद्र सिंह पंवार के निर्देशन में बुलडोजर से कॉलोनी की बाउंड्री वॉल और दो डीपीसी को ढहाया।
यह कॉलोनी राजेश कुमार, बलजीत सिंह, गुरभेज सिंह और भावना देवी ने अवैध रूप से काटी थी। विभाग ने पहले ही इन्हें नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा और लोगों को गुमराह कर प्लॉट बेचे जाने लगे। डीटीपी विभाग की इंस्पेक्टर पुष्पा ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग ने निरीक्षण किया। मौके पर चारों ओर बाउंड्री वॉल खड़ी मिली।
निरीक्षण में दो आवासीय निर्माण के लिए डीपीसी तैयार मिली। विभाग ने तुरंत कार्रवाई कर सभी निर्माण तोड़ दिए। इस कार्रवाई में कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार, जेई अंकित बिश्नोई, सुरेश कुमार, राजेश कुमार और कर्मवीर सिंह भी शामिल रहे।