इग्नू के नए विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन बैठक के दौराज मौजूद अधिकारी और छात्र
फतेहाबाद। राजकीय महिला महाविद्यालय, भोडिया खेड़ा में स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र में रविवार को दूरस्थ शिक्षा के नए विद्यार्थियों के लिए परिचय (इंडक्शन) बैठक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्र समन्वयक डॉ. गुरनाम चंद ने की। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) क्षेत्रीय केंद्र, करनाल के उप-क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अमित कुमार जैन मुख्य अतिथि के रूप में ऑनलाइन जुड़े।
विद्यार्थियों को वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए डॉ. अमित कुमार जैन ने इग्नू में प्रवेश लेने पर उन्हें बधाई दी और इसे दुनिया का अग्रणी खुला विश्वविद्यालय बताया। उन्होंने विश्वविद्यालय के डिजिटल बुनियादी ढांचे पर विस्तृत जानकारी दी और शैक्षणिक ट्रैकिंग, पुनर्शोधन (री-रजिस्ट्रेशन), परीक्षा विवरण व परियोजना सबमिशन के लिए आधिकारिक इग्नू वेबसाइट के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक और प्रशासनिक चुनौतियों से पार पाने के प्रभावी तरीकों से भी अवगत कराया।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. गुरनाम चंद ने कहा कि अध्ययन केंद्र उच्च शैक्षणिक मानकों को बनाए रखने और मजबूत सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सतत मूल्यांकन में असाइनमेंट (सत्रीय कार्य) के महत्व पर जोर देते हुए डॉ. चंद ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियोें के प्रश्नों के उत्तर दिए और आवश्यकतानुसार केंद्र के संसाधनों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। सहायक समन्वयक मनराजप्रीत सिंह, डॉ. राजीव आर्या, डॉ. रेणु, डॉ. राजा राम, डॉ. राजेश वर्मा और कृष्ण कुमार सहित अन्य संकाय सदस्यों द्वारा परामर्श सत्रों, प्रायोगिक कक्षाओं (प्रैक्टिकल्स), असाइनमेंट और प्रोजेक्ट दिशानिर्देशों के संबंध में विस्तृत शैक्षणिक जानकारियां प्रदान की गईं।