फतेहाबाद में गोशालाओं को चेक वितरित करते हांसी के विधायक
फतेहाबाद। सतगुरु कृपा अपना घर आश्रम में रविवार को फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र की गोशालाओं को चारा अनुदान राशि के चेक वितरित किए गए। समारोह में मुख्य अतिथि हांसी के विधायक विनोद भयाना ने क्षेत्र की 43 गोशालाओं को कुल 4 करोड़ 21 लाख 50 हजार 407 रुपये की अनुदान राशि के चेक सौंपे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक चौधरी दूड़ाराम और भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने की। विधायक विनोद भयाना ने बताया कि जिले की कुल 68 गोशालाओं को 7 करोड़ 92 लाख 84 हजार 164 रुपये की चारा अनुदान राशि दी जानी है। इसमें फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र की 43, टोहाना की 10 और रतिया की 15 गोशालाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिले की गोशालाओं में कुल 34,984 गोवंश पंजीकृत हैं। हरियाणा गौ सेवा आयोग की ओर से गोवंश के भरण-पोषण के लिए निर्धारित दरों के अनुसार अनुदान दिया जाता है।
एक वर्ष से कम आयु के गोवंश के लिए 10 रुपये प्रतिदिन, एक वर्ष से अधिक आयु के नर गोवंश के लिए 25 रुपये और मादा गोवंश के लिए 20 रुपये प्रतिदिन की दर तय की गई है। कार्यक्रम में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुखविंदर सिंह चौहान ने कहा कि चारा अनुदान योजना गोशालाओं के संचालन और गोवंश के समुचित भरण-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे गोशालाओं को चारे और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए आर्थिक सहायता मिलती है। इस दौरान डॉ. सुरेंद्र लोहट, सविता टुटेजा, विनोद तायल, अशोक भूकर, कमल चौधरी, दर्शन नागपाल, जगदीश शर्मा और तरुण मेहता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।