फतेहाबाद। निजी स्कूल छुट्टी के दिन पीटीएम भी आयोजित नहीं कर सकेंगे। सरकारी अवकाश के दिन अगर कोई निजी स्कूल खुला मिला तो शिक्षा विभाग कार्रवाई करेगा। जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने बीईओ को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
इसमें स्पष्ट कहा है कि अगर स्कूल खुले मिले तो कार्रवाई करें। छुट्टी के दिन स्कूल खुलने के मामले सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने ये निर्देश जारी किए हैं। डीईओ के इन आदेशों का निजी स्कूल संचालकों ने विरोध शुरू कर दिया है। स्कूल संचालकों का कहना है कि साल में पहले ही 200 दिन सरकारी अवकाश के चलते स्कूल बंद रखने पड़ रहे हैं। अब छुट्टी के दिन पीटीएम पर रोक लगाना भी गलत है, पढ़ाई का सत्यानाश किया जा रहा है।
ये निर्देश किए हैं जारी
स्कूल खुलने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कई निजी स्कूल प्रबंधन छुट्टी के दिन पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (पीटीएम) के बहाने स्कूल खुला रखते हैं। खासकर दूसरे शनिवार की छुट्टी पर अधिकांश स्कूल पीटीएम का आयोजन कर लेते हैं। डीईओ की की तरफ से बीईओ को भेजे गए पत्र में कहा है कि जिले में अब कोई भी निजी स्कूल सरकारी छुट्टी के दिन किसी भी स्थिति में न खुले।
-
रतिया में हुआ था मामला
कुछ दिन पहले हरियाणा दिवस पर रतिया के एक स्कूल में सरकारी छुट्टी के दिन भी क्लासें चलती मिली थीं। प्रशासन को इसकी शिकायत मिली तो एसडीएम ने बीडीपीओ को मौके पर जांच के लिए भेजा। बीडीपीओ पहुंचे तो स्कूल में बच्चे मौजूद मिले और पढ़ाई चल रही थी। उक्त मामले में प्रशासन की ओर से स्कूल को नोटिस भी जारी किया गया है। वहीं इसके बाद निजी स्कूलों पर और सख्ती का फैसला लिया गया है।
-
जिले में निजी स्कूल
एचबीएसई से मान्यता प्राप्त - 192
सीबीएसई से मान्यता प्राप्त - 48
आईसीएसई से मान्यता प्राप्त - 1
-
बच्चों की पढ़ाई को खराब किया जा रहा है। स्कूल कोई कार्यालय नहीं है, एक साल में 200 दिन तो बंद रह रहे हैं। रोजाना नई-नई पॉलिसी आ रही हैं। अगर पीटीएम को स्कूल कार्य दिवस पर बुलाते हैं तो ऐसे में बच्चों की छुट्टी करनी पड़ेगी। इस बारे में एसोसिएशन जल्द अधिकारियों से मिलेगी।
-विजय निर्मोही, संरक्षक, हरियाणा यूनाइटेड स्कूल एसोसिएशन