फतेहाबाद। शहर में स्ट्रीट लाइटें ठीक करने के लिए आखिरकार फिर से हाइड्रोलिक सीढ़ी मिल गई है। दो साल पहले ठीक जून माह में नगर परिषद प्रशासन को हाइड्रोलिक सीढ़ी मिली थी लेकिन टायर टूटने और बैटरी पर काम न करने के चलते लौटा दिया गया था। अब एजेंसी ने दोबारा से नगर परिषद को सीढ़ी तैयार करके दी है।
नई सीढ़ी की खासियत ये है कि इस पर बैटरी लगी है और मोटर भी लगाई गई है। यानि बैटरी के साथ बिजली से भी काम करेगी। इसके अलावा साइज चौड़ाई में कम होने के कारण कर्मचारी बाइक के जरिए भी इसे खींचकर ले जा पाएंगे। फिलहाल स्थिति ये थी कि नगर परिषद के पास शहर में लगी साढ़े सात हजार लाइटों को ठीक करने के लिए सीढ़ी तक नहीं थी।
लाइटें ठीक करवाने के लिए सीढ़ी के लिए पार्षद हाउस बनने के साथ ही मांग कर रहे थे। वर्ष 2024 में एजेंसी से सीढ़ी खरीदी थी पर सात दिन में ही टायर टूटने और बैटरी काम न करने के कारण कर्मचारियों ने इसे खड़ा कर दिया था। फिलहाल नगर परिषद प्रशासन किराये पर क्रेन लेकर लाइटों को ठीक करवा रहा है।
-
भट्टू रोड पर खराब लाइटों के ठीक होने की उम्मीद जगी
शहर के भट्टू रोड, भूना रोड पर डिवाइडर पर लगी लाइटें करीब दो माह से खराब हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सीढ़ी न होने से लाइटें ठीक नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में शहर के वार्डो मेंं ऊंचाई पर लगी लाइटों के खराब होने पर अब इनके ठीक होने की उम्मीद जगी है।
-
एस्टीमेट 50 लाख से ज्यादा, खरीद अटकी
नगर परिषद के पार्षद वार्डों और मुख्य मार्गों पर लाइट लगवाने की डिमांड कर रहे हैं। हिसार रोड पर मिनी बाईपास से नए बस स्टैंड और सिरसा रोड पर भी लाइटों की कमी के कारण अंधेरा छाया रहता है। नगर परिषद प्रशासन ने खरीद को लेकर एस्टीमेट बनाया है लेकिन 50 लाख से ज्यादा होने के कारण प्रक्रिया फिलहाल रुकी हुई है।
-
हंस मार्केट में लगी हैं हाईमास्क लाइटें
शहर के हंस मार्केट में नगर परिषद ने 1800 वाट की हाई मास्क लाइटें लगाई हैं। प्रशासन ने दो पोल लगवाए हैं और एक पर 6-6 लाइटें लगवाई गई है। भीड़भाड़ का क्षेत्र होने के कारण और लाइटें लगाने की मांग चल रही हैं।
-
नगर परिषद को पहले से बेहतर हाइड्रोलिक सीढ़ी मिली है। इस सीढ़ी को कहीं भी आसानी से ले जाया जा सकता है। लाइटों की खरीद को लेकर प्रक्रिया चल रही है।
- नरेंद्र कुमार, जेई, नगर परिषद