सिरसा-हिसार रोड पर छाई बादलवाही के दौरान गुजरते वाहन चालक। संवाद
फतेहाबाद। जिले में शनिवार को पूरे दिन बादलवाही का असर बना रहा। आसमान में बादल छाए रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। जिससे शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर बादलों की आवाजाही के कारण धूप का प्रभाव कम रहा, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से उमस में वृद्धि रही।
वहीं मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जिले में 23 जून तक मौसम के परिवर्तनशील रहने के आसार हैं। जिले में बादलवाही छाने से रही उमस के कारण बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वाले लोगों को अधिक दिक्कत हुई।
किसान मंदीप, नफे सिंह और शिव कुमार ने बताया की वे पिछले कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे हैं। इन दिनों खरीफ फसलों की बुवाई का समय चल रहा है और खेतों में पर्याप्त नमी के लिए बारिश की आवश्यकता महसूस की जा रही है। समय पर अच्छी वर्षा होने से धान, बाजरा, कपास तथा अन्य खरीफ फसलों की बुवाई और विकास में मदद मिलेगी।
डॉ. मदन खिचड़ विभागाध्यक्ष मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू, हिसार ने प्रदेश में 23 जून तक मौसम के परिवर्तनशील रहने से बादलवाही के आसार हैं। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ 20 जून के दौरान प्रदेश में ज्यादातर क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने व गरज चमक के साथ हल्की बारिश की उम्मीद है। इस के बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 22 व 23 जून के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।