फतेहाबाद। जिले में 4 व 5 जुलाई को होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा का सफल संचालन करवाने के लिए मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। डीसी डॉ. विवेक भारती ने बताया कि जिले में 8680 अभ्यर्थी 15 केंद्रों पर परीक्षा देंगें।
4 जुलाई को सायंकालीन सत्र में लेवल-3 की परीक्षा होगी जिसमें 2754 अभ्यर्थी तथा 5 जुलाई को प्रात:कालीन सत्र में लेवल-2 की परीक्षा में 4535 अभ्यर्थी एवं सायंकालीन सत्र में लेवल-1 की परीक्षा में 1391 अभ्यर्थी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों की निरीक्षण व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
नकल व अन्य अनियमितताओं पर सख्ती से रोक लगाने के लिए प्रभावशाली उड़नदस्तों की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त मात्रा में पुलिसकर्मी, बोर्ड की ओर से एक-एक अधिकारी/कर्मचारी/प्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन की ओर से भी एक-एक सक्षम अधिकारी की नियुक्ति की गई हैं। उन्होंने केंद्रों पर ड्यूटी देने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों को निर्देश दिये कि परीक्षाओं को निर्बाध रूप से सम्पन्न करवाने के लिए बोर्ड की ओर से जारी हिदायतों के पालन में सामान्य निर्देश जरूर देखें।
नेत्रहीन को मिलेगा अतिरिक्त समय
डीसी ने बताया कि परीक्षा देने के लिए नेत्रहीन/अशक्त अभ्यर्थियों को 20 मिनट प्रति घंटा के हिसाब से कुल 50 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। सभी केंद्रों पर जैमर, बायोमेट्रिक डेटा कैप्चरिंग, वीडियोग्राफी, कैमरे स्थापित किए जाएंगें ताकि परीक्षा की पारदर्शिता बनी रहे। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन के लिए जिला मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा-163 के तहत आदेश जारी किए हैं। यह आदेश 4 व 5 जुलाई 2026 को जिले के सभी 15 परीक्षा केंद्रों पर लागू रहेंगे।
-
ये 15 परीक्षा केंद्र रहेंगे
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की ओर से आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के लिए जिले में कुल 15 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें चौ. मनीराम गोदारा राजकीय महिला महाविद्यालय भोडिया खेड़ा (दो केंद्र), राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नजदीक बाल भवन, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल खैराती खेड़ा रोड, मनोहर मेमोरियल (एमएम) पीजी कॉलेज फतेहाबाद, अपैक्स पब्लिक स्कूल, एसबीपी डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल (दो केंद्र), डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल पुलिस लाइन, एमएम कॉलेज ऑफ एजुकेशन, महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल एनएच-9 सिरसा रोड तथा एमएसडी स्प्रिंगबेल्स पब्लिक स्कूल शामिल हैं।