फतेहाबाद। शहर के डीएसपी रोड के पास चल रहे नाड़ी वैद्य अस्पताल के संचालक पर उपचार के नाम पर रुपये ठगने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर ठगी का शिकार हुए लोगों ने बुधवार देर रात को अस्पताल के बाहर हंगामा किया और वीरवार को उपायुक्त और पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर नाड़ी वैद्य अस्पताल संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
उपायुक्त को दी शिकायत में गांव धांगड़ निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी संतोष पिछले काफी समय से कमर की नसों में दिक्कत की वजह से जूझ रही है। किसी ने उसे बताया नाड़ी वैद्य अस्पताल के बारे में बताया। अस्पताल के बाहर खुले शब्दों में लिखा हुआ था कि गंभीर से गंभीर बीमारियों का उपचार सौ फीसदी करवाएं। पत्नी के उपचार के लिए अक्तूबर 2023 में नाड़ी वैद्य से उपचार करवाने के लिए पहुंचा। रिपोर्ट देखने के बाद नाड़ी वैद्य कुलदीप ने कहा कि उपचार हो जाएगा। उपचार के लिए 2 लाख 85 हजार रुपये लगेंगे। उसे विदेश से औषधियां मंगवानी पड़ती है। आरोप है कि इसके बाद एक लाख रुपये एडवांस ले लिए और पुड़िया बनाकर दे दी। इसके बाद 35 हजार रुपये ऑनलाइन दिए। इसके बाद संचालक ने पूरी रकम देने का दबाव बनाया तो उसने अपने दोस्त विकास गावड़ी से उधार लेकर एक लाख रुपये दिए। इसके बाद उसने 50 हजार रुपये नकद दे दिए। तीन माह बाद भी पत्नी को तकलीफ में कोई सुधार नहीं हुआ। जब वह वैद्य से मिला तो उसने कहा कि उपचार ऐसे ही होगा और उसे बाहर निकाल दिया। आरोप है कि अन्य मरीजों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। वहीं नाड़ी वैद्य अस्पताल के संचालक ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
कोट
मामले को लेकर सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। वेरिफाई करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग से भी जांच करवाई जाएगी।
-ओमप्रकाश, शहर थाना प्रभारी