फतेहाबाद। शहर के आशीर्वाद पैलेस रोड को नगर परिषद ने मॉडल रोड बनाएगा। इस प्रोजेक्ट पर करीब ढाई साल पहले कागजी कार्रवाई शुरू हुई थी। लेकिन धरातल पर ये सिरे नहीं चढ़ पाया। लेकिन अब इसको लेकर धरातल पर नगर परिषद ने काम शुरू करवाया है। मॉडल रोड बनाने से पहले यहां पर पानी निकासी के प्रबंध को लेकर एजेंसी ने स्टॉर्मवाटर (बरसाती पानी) ड्रेनेज सीवर लाइन डालने के लिए सड़क उखाड़ने का काम शुरू कर दिया है। करीब 38 लाख रुपये से भट्टू रोड से लेकर सिरसा रोड तक वाया आशीर्वाद पैलेस मार्ग तक ये पाइप लाइन डाली जाएगी और इसे खैराती खेड़ा एसटीपी पर जा रही पाइप लाइन से जोड़ा जाएगा।
हालांकि आचार संहिता लगने से पहले आनन-फानन में एजेंसी ने काम शुरू किया है। बरसात में यहां होने वाले जलभराव की निकासी को लेकर नगर परिषद पाइप लाइन डलवा रहा है। हालांकि ये देखना होगा कि एजेंसी मानसून से पहले इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ा पाती है या अधर में छोड़ा जाता है। नगर परिषद पहले इस प्रोजेक्ट को जनस्वास्थ्य विभाग को देने जा रही थी लेकिन हाउस बैठक में इसको लेकर पार्षद ने मुद्दा उठाया था। इसके चलते जनस्वास्थ्य विभाग को प्रोजेक्ट नहीं दिया गया और नगर परिषद खुद ही पाइप लाइन डलवा रहा है। नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि पाइप लाइन डालने के बाद इसकी सफाई को लेकर जनस्वास्थ्य विभाग के सुपुर्द किया जाएगा।
2.40 करोड़ से बनना है मॉडल रोड
मॉडल रोड को लेकर नगर परिषद ने वर्ष 2021 के आखिरी में डिजाइन बनाने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसको लेकर एजेंसी से डिजाइन तैयार करवाया गया है। इसके निर्माण पर 2.40 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यहां पर आरसीसी सड़क बनेगी। इसके अलावा साइडों में फुटपाथ और सड़क के बीच में डिवाइडर बनेगा। सुंदरीकरण को लेकर नगर परिषद यहां डिजाइनदार लाइटें लगाएगा। इसके अलावा रेहड़ियों के खड़े होने के लिए अलग से व्यवस्था होगी। ये ही नहीं लोगों के बैठने के लिए भी बेंच रखे जाएंगे।
ठाकर बस्ती में उखाड़ी सड़क
नगर परिषद फव्वारा चौक से लेकर बाल भवन तक नई सड़क का निर्माण करवा रहा है। एजेंसी ने यहां भी पुरानी सड़क का उखाड़ दिया है। आचार संहिता लगने से पहले एजेंसी ने यहां पर सड़क उखाड़ने का काम शुरू कर दिया था। हालांकि इसको लेकर भी प्रक्रिया करीब एक साल से चल रही थी।
कोट
आशीर्वाद पैलेस रोड पर एजेंसी ने स्टॉर्म वाटर सीवर लाइन डालने का काम शुरू कर दिया है। ये लाइन डालने के बाद मॉडल रोड बनाने का काम शुरू होगा। इसको लेकर प्रक्रिया काफी दिनों से चल रही थी।
- अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता नगर परिषद