फतेहाबाद में दवाई लेने के लिए लाइन में लगे मरीज
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल की डिस्पेंसरी में मरीजों को दवाई देने के लिए सिविल सर्जन कार्यालय को ड्यूटी लगाने के लिए फार्मेसी ऑफिसर ही नहीं मिल रहे हैं। तीन दिन विभाग माथापच्ची करने में लगा है। भूना स्वास्थ्य केंद्र से फतेहाबाद में सुमित गावड़ी फार्मेसी ऑफिसर की तीन दिन के लिए ड्यूटी लगाई गई है। यानि की तीन दिन दो फार्मेसी ऑफिसर तो बाकी तीन दिन अकेली फार्मेसी ऑफिसर मरीजों को दवाई देंगी।
नागरिक अस्पताल में रोजाना 850 से 900 मरीजों की ओपीडी होती है लेकिन यहां डिस्पेंसरी में एक ही फार्मेसी ऑफिसर तैनात हैं। इसके चलते मरीजों को दवाई लेने के लिए 30 से 40 मिनट का इंतजार करना पड़ रहा है। नागरिक अस्पताल में पहले ट्रेनिंग पर आए विद्यार्थियों की ड्यूटी लगाई गई थी लेकिन 90 दिन की ट्रेनिंग खत्म होने के बाद लौट गए।
जिले में आधे पद खाली
जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर फार्मेसी ऑफिसर के 56 पद है। इसमें से 23 पद खाली है। नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में ही 10 पद है लेकिन यहां पर चार ही कार्यरत हैं। तीन फार्मेसी ऑफिसर की डयूटी अन्य जगहों पर लगाई गई है। अधिकतर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पद ही खाली पड़े हैं।
कोट
नागरिक अस्पताल में डेपुटेशन पर फार्मेसी ऑफिसर की ड्यूटी लगा दी गई है। तीन दिन के लिए ड्यूटी लगी है। सोमवार को किसी अन्य की भी ड्यूटी लगाने का प्रयास रहेगा।
- डॉ. संगीता अबरोल, कार्यकारी सिविल सर्जन