फतेहाबाद। जर्जर भवनों में चल रहे स्वास्थ्य केंद्रों को अब सुरक्षित ठिकाने मिल रहे हैं। अशोक नगर की अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को खेमाखाती रोड पर स्थानांतरित कर दिया गया है।
नहर कॉलोनी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी स्थान बदला गया है। विभाग ने यह कदम भवनों की स्थिति और उपलब्ध जगह को देखते हुए उठाया है। अशोक नगर स्थित अर्बन पीएचसी का पुराना भवन लोक निर्माण विभाग ने जर्जर घोषित किया था।
भवन की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र को दूसरी जगह शिफ्ट करने का निर्णय लिया। अब खेमाखाती रोड स्थित भवन में ओपीडी सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। हालांकि नए भवन में भी जगह की कमी रहेगी। यहां मेडिकल ऑफिसर के अलावा पैनल पर शिशु रोग और महिला रोग विशेषज्ञ भी आते हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं के कारण मरीजों की संख्या बढ़ती है। ऐसे में उपलब्ध जगह कई बार कम पड़ जाती है।
जगह कम होने से बदला आरोग्य मंदिर : नहर कॉलोनी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर को भी पुराने भवन से दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पुराने भवन में पर्याप्त जगह नहीं थी। स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन और मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्र का स्थान बदला गया। इससे अब बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।