चंडीगढ़-सिरसा राजमार्ग 2 पर गांव ढाणी गोपाल चोपटा पर किसान संघर्ष समिति ने चार दिवसीय धरना शुरू कर दिया है। धरने का संचालन समिति के जिला प्रधान ओमप्रकाश मंडा ने किया। किसान नेता मंडा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि विरोधी अध्यादेशों के खिलाफ 16 से 19 सितंबर को प्रदेशभर में धरना शुरू किया है। इसके अलावा 20 सितंबर को हरियाणा बंद कर किसान सरकार से इन काले अध्यादेशों को वापस लेने की मांग करेंगे।
उन्होंने बताया कि पिपली में भी किसान और आढ़ती शांतिपूर्वक आंदोलन में शामिल होने पहुंचे थे लेकिन साजिश के तहत सरकार ने उन पर लाठियां बरसवाई। सिविल ड्रेस में पुलिस वालों ने आंदोलनकारियों के सिर पर लाठियां मारी। किसान नेता ने कहा कि सरकार जो तीन अध्यादेश लेकर आई है उससे किसान, आढ़ती और व्यापारी बर्बाद हो जाएगा। कुछ पूंजीपति विश्व मार्केट के हिसाब से कम रेट पर फसल खरीदेंगे और पूरा देश उनसे महंगे रेट पर खरीद कर खाएगा। बैठक में भारतीय किसान यूनियन जिला प्रधान जगदीश सिंह पारता, चांदी राम कड़वासरा, हरविंद्र हिजरावां, कपूर सिंह, कृष्ण लांबा हासंगा, हवा सिंह भगासरा हासंगा, श्योकरण खिलेरी, गुरबचन सिंह रतिया, राजदीप सिंह गुरुसर, मलकीत सिंह, सुखजीत चेतनपुर, जसवंत सिंह अहरवां, बलवान सिंह ढाणी सांचला, मांगेराम मेहडा, रघुवीर सिंह सिहाग, भाजपा नेता रामनारायण बिश्नोई, सुरेश कुमार बुरड़क, भूप सिंह टिब्बी आदि मौजूद रहे।