युवा फतेहाबाद नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाने के बाद सिविल सर्जन कार्यालय में प्रमाण पत्र लेने पहुंचे थे। इधर मेडिकल करवाने के लिए नागरिक अस्पताल में छुट्टी के दिन भी भीड़ लगी रही। एसएमओ कार्यालय के बाहर धक्का-मुक्की हुई है।
हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन द्वारा जारी किए गए परिणाम में चयनित हुए ग्रुप डी के युवाओं को मेडिकल करवाने के बाद सिविल सर्जन कार्यालय से प्रमाण पत्र न मिलने पर गुस्साए युवाओं ने हंगामा किया और इसके बाद युवाओं ने हिसार-सिरसा रोड पर दोनों तरफ जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस टीम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
युवाओं ने कहा कि शुक्रवार से मेडिकल के लिए घूम रहे हैं। मेडिकल होने के बाद सिविल सर्जन कार्यालय प्रमाण पत्र जारी नहीं कर रहा है। अगर प्रमाण पत्र नहीं मिला तो ज्वाइनिंग की प्रक्रिया पूरी नहीं होगी।
विज्ञापन
मौके पर पहुंचे उप सिविल सर्जन डॉ. संगीता अबरोल ने कहा कि प्रक्रिया में समय लगता और दोपहर बाद सभी को जारी हो जाएंगे लेकिन चयनित युवा प्रमाण पत्र लेने पर अड़े रहे। इस दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि रजिस्टर में रिकॉर्ड जिनका दर्ज हो चुका है उन्हें अभी जारी कर दिया जाएगा।
इसके बाद जाम लगा रहे युवा शांत हुए और जाम खोला। करीब 20 मिनट बाद जाम खोला गया। इसके चलते कई वाहन चालकों को दिक्कत हुई। जाम के चलते उन्हें बाईपास के रास्ते गुजरना पड़ा। वहीं उप सिविल सर्जन डॉ.संगीता अबरोल ने कहा कि 245 युवाओं को प्रमाण पत्र जारी कर दिए हैं।
नागरिक अस्पताल में दूसरे दिन भी लगी भीड़
गुप डी के चयनित युवा मेडिकल को लेकर नागरिक अस्पताल में दूसरे दिन भी पहुंचे। मेडिकल से वंचित युवा रविवार को पहुंचे और प्रक्रिया पूरी की। नागरिक अस्पताल में विशेषज्ञ की ओपीडी खुली रही। अस्पताल में फीजिशियन, एक्सरे कक्ष के बाहर भीड़ लगी रही। इसके अलावा एसएमओ कार्यालय के बाहर सुबह के समय धक्का-मुक्की के हालात रहे। मेडिकल करवाने के बाद एसएमओ के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए जाने होते है। इसके बाद दस्तावेज सिविल सर्जन कार्यालय भेजे जाते है और यहां से मेडिकल प्रमाण पत्र जारी होता है।