फतेहाबाद के थाना रोड पर पार्क में बुजुर्ग महिला के साथ हुई वारदात के बाद जांच करती पुलिस।
फतेहाबाद। शहर के थाना रोड पर अस्पताल से लौट रही वृद्धा को दो युवक रुपये देने का लालच देकर पार्क में ले गए और फिर सोने की बालियां छीनकर फरार हो गए। आरोपी को कागजों की एक गड्डी पकड़ा गए। उस पर सिर्फ 10 रुपये का नोट लगा था। घटना की सूचना मिलने पर शहर पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है।
मामले के मुताबिक अशोकनगर निवासी रेशमा ने बताया कि वह मंगलवार को सरकारी अस्पताल में दवाई लेकर लौट रही थीं। जब वह थाना रोड पर पार्किंग के पास पहुंची तो इस दौरान दो युवक आए और कहा कि पार्क में एक व्यक्ति नोट बांट रहा है। आप भी वहां साथ चलो। वह उनके साथ पार्क में चली गईं। वहां पर युवकों ने कहा कि कानों की बालियां उतार लो नहीं तो कोई ले जाएगा। इसलिए उन्होंने कानों की बालियां उतारकर रुमाल में रख लीं।
इस दौरान एक युवक ने उनके हाथ में कागज की गड्डी पकड़ा दी और उसके ऊपर 10 रुपये का नोट लगा था। इसी दौरान आरोपी वृद्धा से बालियां छीनकर फरार हो गए। वृद्धा ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने वृद्धा को दी गई कागज की गड्डी देखी तो उसके ऊपर 10 रुपये का नोट लगा था और उसके नीचे कागज के टुकड़े थे। फिलहाल शहर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।