जाखल (फतेहाबाद)। गांव शकरपुरा में शुक्रवार सुबह कोऑपरेटिव बैंक के कर्मचारी पर घर में घुसकर महिला पर तेजधार हथियार से हमला करके सवा तोले की सोने की बालियां और 1.5 लाख रुपये छीनने का आरोप है। हमले में घायल हुई महिला को उपचार के लिए टोहाना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया।
जहां महिला की हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा रेफर कर दिया। पीड़िता के पति गांव शकरपुरा निवासी सुंदरलाल ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह धारसूल कोऑपरेटिव बैंक से 50 हजार रुपये निकलवा कर लाया था। आरोप है कि उसके रुपये लाने के दौरान गांव शकरपुरा का ही रहने वाला कोऑपरेटिव बैंक का कर्मचारी अमरजीत सिंह उसके पीछे ही उसके घर पर आ गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि अमरजीत ने घर में अकेली उपस्थित महिला बिंदर कौर पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसके बाद आरोपी ने महिला के दोनों कानों में डाली हुई सोने की सवा तोले की बालियां खींचकर निकाल ली। वहीं घर में रखे 1.5 लाख रुपये लेकर भाग गया।
सुंदरलाल की गांव में ही टायर पंक्चर की दुकान है साथ में वह कुछ एकड़ में खेती करता है। घटना के समय उसकी पत्नी अकेली घर में मौजूद थी। हालांकि सुंदर लाल बैंक से जो 50,000 रुपये लेकर आया था वह उसकी जेब में ही रखे हुए थे। ऐसे में वह रुपये बच गए। सुंदर लाल ने बताया कि आनन-फानन में आरोपी अपना हेलमेट, बैग व बाइक घर पर छोड़कर दीवार फांद पर भाग गया था।
जाखल थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, महिला के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।