फतेहाबाद। शहर के डीएसपी रोड पर शनिवार रात को मोटरसाइकिल सवार युवकों ने जूनियर डीपीएस के निदेशक नितिन मेहता से सोने की चेन छीनकर भाग गए। इस घटना की सूचना मिलने के बाद शहर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की है। वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है।
जूनियर दिल्ली पब्लिक स्कूल के निदेशक नितिन मेहता शनिवार रात करीब 8:30 बजे स्कूटी से डीएसपी रोड पर किसी काम से आए थे। वह जैसे ही स्कूटी लेकर जाने लगे तो मुंह पर कपड़ा बांधा युवक पास आया और चेन छीनकर भाग गया। मेहता ने पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन काबू नहीं आया। चेन करीब दो तोले की थी। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल से दो युवक आए थे। मोटरसाइकिल चालक ने हेलमेट लगाया था और पीछे बैठे युवक ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था।