टोहाना। टोहाना में दरिंदगी की शिकार हुई साढ़े तीन साल की बच्ची 9 दिन बाद जिंदगी का जंग हार गई। दम तोड़ने के बाद रोहतक पीजीआई में ही चिकित्सकों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बच्ची के शव को रोहतक में ही दफना दिया। पुलिस ने मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा भी जोड़ दी है। उधर, घटनास्थल पर देरी से पहुंचने की लापरवाही के चलते एसपी ने महिला डेस्क प्रभारी शकुंतला देवी को निलंबित कर दिया है। साथ ही सदर थाना प्रभारी और चंडीगढ़ रोड चौकी प्रभारी का भी तबादला कर दिया है।
29 जून की रात को टोहाना क्षेत्र के गांव में उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की बेटी को उसके पिता के जानकार दो लोग आधी रात को उठा ले गए और दुष्कर्म किया। मजदूर परिवार दो महीने पहले ही खेत में मजदूरी के लिए आया था। मामले में पुलिस ने अगले ही दिन बिहार निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हिसार जेल में हैं। वारदात के बाद बच्ची को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया था। वहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था, जहां सोमवार रात उसने दम तोड़ दिया था। मंगलवार सुबह महिला हेल्प डेस्क से गीता रानी व सदर पुलिस ने रोहतक पीजीआई में बच्ची का बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया।
इसलिए निलंबित हुईं महिला हेल्प डेस्क प्रभारी
एसपी आस्था मोदी ने इस मामले में लापरवाही मिलने के बाद हेल्प डेस्क प्रभारी एसआई शकुंतला को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए। सूत्रों के अनुसार इस केस में सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी देवीलाल व डीएसपी शमशेर सिंह तुरंत मौके पर पहुंच गए थे, मगर महिला डेस्क प्रभारी देरी से आई थीं। इसके चलते उन पर गाज गिरी है। वहीं, एसपी ने टोहाना के शहर थाना, सदर थाना व चौकी प्रभारी के तबादला आदेश भी जारी किए हैं। टोहाना शहर थाना प्रभारी बलवान सिंह को सदर फतेहाबाद का प्रभारी लगाया है जबकि उनकी जगह प्रहलाद राय को टोहाना शहर थाना प्रभारी लगाया है। सदर थाना प्रभारी देवीलाल को इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद में भेजा है जबकि उनकी जगह भूना थाना प्रभारी संदीप कुमार को सदर थाना टोहाना का प्रभारी लगाया है। चंडीगढ़ रोड चौकी प्रभारी गोपाल दास की जगह एसआई रमेश कुमार को लगाया है। महिला हेल्प डेस्क प्रभारी शकुंतला के निलंबित होने के बाद शिक्षा देवी को डेस्क प्रभारी बनाया है। वहीं, ट्रैफिक प्रभारी के तौर पर इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह को नियुक्त किया है।