फतेहाबाद। सुबह की सर्दी जैसे-जैसे अपना जोर दिखा रही है, वैसे ही बाजारों में गीजर की मांग बढ़ रही है। पिछले 15 दिनों से बाजार में गीजर की खूब बिक्री हो रही है।
दुकानदारों का कहना है कि जैसे ही ठंड बढ़ेगी गीजर की बिक्री में काफी उछाल आएगा। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक, हर जगह अपनी-अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से हीटिंग उपकरणों की बिक्री हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि अभी ठंड की शरुआत हुई है। अभी सिर्फ 50 प्रतिशत लोगों ने ही गीजर का इस्तेमाल शुरू किया है। पूरी तरह से ठंड पढ़ने पर रसोई घर में बर्तन धोने के लिए भी गीजर लगने शुरू हो जाएंगे।
-
गैस और इलेक्ट्रिक गीजर की बढ़ रही मांग
शहरी इलाकों में रहने वाले लोग सुविधा और आधुनिकता को महत्व दे रहे हैं। यहां के बाजार गैस और इलेक्ट्रिक, दोनों तरह के गीजर की मांग ज्यादा हैं। बिजली से चलने वाले स्टोरेज गीजर जिनमें करीब 15 से 25 लीटर पानी आता है, उसकी खूब बिक्री हो रही है। खासकर बड़े परिवारों में स्टोरेज गीजर की मांग अधिक है। दुकानदार बताते हैं कि 4 और 5 स्टार रेटिंग वाले एनर्जी एफिशिएंट (बिजली की बचत करने वाले) मॉडल को सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। वहीं जिन घरों में बिजली की खपत को कम रखने की प्राथमिकता है, वहां गैस गीजर की अच्छी बिक्री हो रही है। यह खासकर बड़े परिवारों और उन स्थानों के लिए बेहतर विकल्प है जहां कम समय में ज्यादा गर्म पानी की आवश्यकता होती है।
जुगाड़ वाले गीजर का जबरदस्त क्रेज
जहां शहरी क्षेत्रों में महंगे और ब्रांडेड गीजर की मांग है, वहीं ग्रामीण इलाकों में कम कीमत और आसानी से उपलब्ध होने वाले जुगाड़ वाले गीजर, जिन्हें अक्सर आग वाला गीजर कहा जाता है, जिसकी ग्रामीण इलाकों में खूब बिक्री हो रही है। इन जुगाड़ वाले गीजर में पहले पानी स्टोर किया जाता है। जिसके बाद लकड़ी में आग लगाकर छोड़ दिया जाता है। करीब पांच मिनट में ही पानी गर्म हो जाता है।
15 दिन से चल रहा है अच्छा कारोबार
शहर के जवाहर चौक में गीजर बेचने वाले दुकानदार रवि, विकास, जीतू, रोशन आदि दुकानदारों ने बताया कि इस बार सुबह के समय पड़ने वाली ठंड की दस्तक थोड़ी जल्दी हुई है, जिसका सीधा असर गीजर के कारोबार पर पड़ा है। करीब एक महीना पहले से ही लोग गीजर खरीदने आने लगे थे।