रिवाल्वर की नोक पर बाइक सवार दो युवकों ने गैस एजेंसी के कर्मचारी से 2.60 लाख से भरा बैग छीनकर फरार
- जाखल मंडी के मार्केट कमेटी रोड पर देर शाम हुई लूट की वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
जाखल। जाखल मंडी के मार्केट कमेटी रोड पर दो बाइक सवार युवक रिवाल्वर की नोक पर गैस एजेंसी के एक कर्मचारी से लूटपाट कर 2.60 लाख की नकदी लूटकर फरार हो गए। कर्मचारी ने वारदात की जानकारी तुरंत गैस एजेंसी मालिक को दी। साथ ही जाखल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जानकारी मिलते ही जाखल मंडी के आसपास हरियाणा पंजाब सीमा पर नाकाबंदी की दी और सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
जाखल मंडी की इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम पर कार्यरत सुरजीत सिंह उर्फ गोगी निवासी गांव कडेल देर शाम आठ बजे रेलवे फाटक के नजदीक स्थित गैस एजेंसी के गोदाम से दिन भर की गैस बिक्री की रकम एकत्रित कर मंडी स्थित मालिक आशीष बंसल के घर देने के लिए आ रहा था। कर्मचारी सुरजीत सिंह ने बताया कि वह बाइक पर दो लाख 60 हजार 270 रुपये की राशि को एक बैग में डालकर घर पर देने जा रहा था तो मार्केट कमेटी रोड पर पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया। दोनों बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया, जैसे ही वह संभला तो उसकी कनपटी पर रिवाल्वर तान दी और उससे नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने लुटेरों का पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों भाग गए।
पुलिस थाना प्रभारी अवतार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर हरियाणा-पंजाब की सीमा पर नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। देर रात तक लुटेरों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जा रही है।