भट्टू कलां। मार्केट कमेटी कार्यालय के गेट के पास रेहड़ी लगाकर सब्जी बेचने वाले सुरेश कुमार से शातिर ठग ने चालाकी से 15 हजार रुपये ठग लिए। भंडारे के लिए सब्जी खरीदने का बहाना बनाकर आरोपी ने पहले सब्जी विक्रेता को बातों में उलझाया और फिर उसके पुराने पायजामे की जेब में रखी नकदी निकालकर ले गया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार सुबह एक युवक बाइक पर उसकी रेहड़ी पर आया। उसने भंडारे के लिए पहले 20 किलो घीया और फिर 20 किलो आलू तौलने के लिए कहा। बातचीत के दौरान युवक ने सुरेश से कहा कि उसका पायजामा पुराना हो गया है और अपने पास मौजूद नया पायजामा पहनने की सलाह दी। सुरेश उसकी बातों में आ गया और नया पायजामा पहन लिया।
इसके बाद आरोपी ने उसे दूसरी रेहड़ी से कुछ और सब्जी लाने के लिए भेज दिया। जैसे ही सुरेश वहां से गया आरोपी ने पुराने पायजामे की जेब में रखे 15 हजार रुपये निकाल लिए और मौके से भाग गया। थोड़ी देर बाद सुरेश जब लौटा तो उसे ठगी का पता चला। सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि शिकायत मिल गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल आरोपी की तलाश की जा रही है।