रतिया। शहर पुलिस ने टिब्बा कॉलोनी निवासी निजी स्कूल की अध्यापिका की शिकायत पर उसके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने पर शहर निवासी नरेश, उसकी पत्नी सीमा व बेटे पराग पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
शहर पुलिस को दी शिकायत में निजी स्कूलों में अध्यापिका मीनाक्षी ने बताया कि स्कूल की कुछ समय पूर्व रही प्रिंसिपल का बेटा पराग और मेरा बेटा रिशभ दोनों बचपन से ही सहपाठी थे। उन दोनों में भी काफी गहरी दोस्ती थी। कुछ समय पहले पराग ऑनलाइन कई प्रकार के बिजनेस करने लगा। पराग ने ही उसका नया एचडीएफसी बैंक से क्रेडिट कार्ड चालू करवाया था।
क्रेडिट कार्ड के पासवर्ड बनाए और उसी ने ही मेरा क्रेडिट कार्ड सक्रिय किया था। जिस कारण उसे मेरे क्रेडिट कार्ड की सभी पासवर्ड उसे मालूम थे ऐसा कुछ दिनों पूर्व उसे बैंक से फोन आया कि आपके क्रेडिट कार्ड के 2,14,338 रुपये बकाया हैं। इसके बाद उन्होंने बैंक में जाकर पता किया तो पता चला कि उसके क्रेडिट कार्ड से पराग ने ही लेन-देन किया है।
इसके बारे में उनके माता-पिता से बात की तो पता चला कि उन्हें भी सारे मामले की जानकारी है। जिस पर उन्होंने कुछ समय बाद पैसे लौटाने की बात कही लेकिन अब वह पैसे देने से इन्कार कर रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पराग, सीमा और नरेश के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।