टोहाना। जिला आयुष्मान कार्ड नोडल अधिकारी ने शहर पुलिस को शिकायत देकर चार लोगों पर फर्जी दस्तावेज देकर आयुष्मान कार्ड बनवाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शहर की प्रीत विहार कॉलोनी निवासी अंकुश कंसल, ललौदा निवासी धर्मपाल, म्योंद खुर्द निवासी सतपाल व चांदपुरा निवासी सुखदेव के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नोडल अधिकारी ने बताया कि उक्त सभी आरोपी आरएमसी अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज करवाने के लिए गए, जहां आयुष्मान मित्र द्वारा बीआईएस पोर्टल पर उक्त व्यक्तियों के दस्तावेजों की जांच की गई तो उनका डाटा से मिलान नहीं हो सका। इसके बाद आरएमसी अस्पताल ने आयुष्मान नोडल अधिकारी फतेहाबाद को मामले की जानकारी दी। फतेहाबाद के अधिकारियों ने उक्त मामले को लेकर मुख्यालय पंचकूला में संपर्क किया और कार्ड रद्द करने की बात करते हुए कार्रवाई के लिए लिखा। इस जांच के दौरान आईडी बनाने वाले की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी डाॅ. नीरल मेहता व धर्मपाल, रोहतक निवासी सतपाल और सुखदेव तथा गुजरात के वडोदरा निवासी गौरंग कुमार के तौर पर दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।