शहर के मॉडल टाउन निवासी एक व्यक्ति के खाते से गूगल पे के माध्यम से तीन बार में एक लाख रुपये कटने का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत शहर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में मॉडल टाउन निवासी अर्शदीप ने बताया कि उसका एचडीएफसी बैंक में खाता है जिसका बैंक द्वारा एटीएम जारी किया गया है। उसने बताया कि उसका खाता गूगल पे से लिंक है। 21 जनवरी को करीब एक बजे वह अपने घर में था तो अज्ञात व्यक्ति ने उसे अपना रिश्तेदार बताते हुए झांसे में ले लिया। उसने बताया कि आरोपी ने उसे एक क्यूआर कोड भेजा, जिसके बाद उसने कोड को स्कैन किया तो उसके खाते से तीन बार में एक लाख रुपये कट गए।
मोबाइल पर आए किसी भी लिंक को खोलने से बचें
पुलिस के अनुसार आजकल साइबर ठगी के अलग अलग तरीके अपनाए जा रहे हैं। इनसे बचने के लिए मोबाइल पर किसी भी तरह का लिंक खोलने से बचना चाहिए। फेसबुक से फोटो उठाकर फर्जी आईडी बनाकर भी फ्रेंड लिस्ट में शामिल लोगों से गूगल-पे के माध्यम से पैसे ऐंठने के लगातार मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में सावधानी बरतते हुए व्हाट्सएप या फेसबुक से पैसे मांगने पर किसी को पैसे ट्रांसफर करने से पहले फोन करके जानकार या रिश्तेदार से पूछ लेना चाहिए। वहीं, बेवजह क्यूआर कोड वगैरह स्कैन करने से भी बचना चाहिए।