कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों की ओर से 26 जनवरी को दिल्ली के रिंग रोड पर प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए जिले के विभिन्न गांवों से 430 ट्रैक्टर ट्रॉलियों के साथ किसानों का जत्था रवाना हुआ। शुक्रवार सुबह आठ बजे से ही निर्धारित स्थल सनियाना में किसानों के ट्रैक्टर एकत्रित होने शुरू हो गए। सनियाना के सरपंच सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में किसानों के लिए पूरे गांव के सहयोग से लंगर की व्यवस्था की गई। जिलेभर से चढ़ूनी ग्रुप के 430 ट्रैक्टर ट्राली को एक जगह इकट्ठा करके काफिले के रूप में दोपहर 2 बजे दिल्ली की ओर रवाना किया गया। किसान ट्रैक्टर मार्च करते हुए गांव सनियाना से उकलाना वाया बरवाला होते हुए दिल्ली के सिंघु व टिकरी बॉर्डर पर पहुंचेंगे। इस काफिले का ठहराव शुक्रवार की रात्रि को मुंढाल में होगा।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी विशेष निगरानी रहेगी : भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी ग्रुप के जिलाध्यक्ष जगदीश पारता ने बताया कि किसान शांतिपूर्वक ढंग से दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। ट्रैक्टर जत्थे में असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रहेगी क्योंकि किसानों का मकसद सिर्फ तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए आंदोलन है इसलिए सरकार जब तक उनकी मांग को पूरा नहीं करेगी तब तक किसान अपने अधिकारों की आवाज को बुलंद करेंगे। उन्होंनेे कहा कि गणतंत्र दिवस पर परेड समारोह में देश के जवानों केेेे साथ साथ किसानों को भी ट्रैक्टर झांकी निकालनेे का अधिकार होना चाहिए। इस मौके पर धर्मपाल जाखल, राजबीर सोनी, चांदीराम, अजय कुमार आदि मौजूद रहे।
कुलां रोड पर किसानों को जलेबी और पकोड़े खिलाए : दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड में शामिल होने जा रहे किसानों को रोककर कुलां रोड पर दुकानदारों ने देसी घी की जलेबी और पकोड़े खिलाएं। मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन हनुमान सिंह नेहरा के बेटे दीपक नेहरा के नेतृत्व में सुबह से ही जलेबी एवं पकोड़ों का भंडारा शुरू कर दिया। सड़क से गुजरने वाले प्रत्येक किसान को रोक-रोककर भंडारे का प्रसाद लेने के लिए गुहार लगाई गई। भंडारे में पूरे दिन बुजुर्ग और बच्चों ने खूब सेवा की। इस मौके पर जगदीप नेहरा, राजेश कुमार, सुभाष देहडू, मंगतराम कबाडिया, प्रदीप सिंह, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।