रतिया के गांव रतनगढ़ में मां-बाप और बेटे में चल रहे विवाद के बाद शनिवार रात को हुए झगड़े व गोलीबारी में पांच लोग घायल हो गए। पांचों घायलों को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। गोली लगने से घायल हुई महिला ने गोली चलाने के आरोप अपने बेटे जगसीर व पूर्व मंत्री रामस्वरूप रामा के बेटे मनी पर लगाए हैं।
रतिया के सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन रतनगढ़ निवासी घायल काला राम ने बताया कि उसका इकलौता बेटा जगबीर पिछले कुछ समय से नशाखोरी व गलत आदतों का शिकार है। इसके कारण परिवार ने उसे घर से बेदखल कर रखा है। इसके बावजूद जगबीर जब भी घर आता अपने परिजनों के साथ मारपीट करता था। काला ने बताया कि जगबीर को समझाने के लिए मैंने दो दिन पूर्व पंजाब के महला चौक स्थित अपने ससुराल संदेश भेजा। इस पर शनिवार को मेरे दोनों साले वकील और बिट्टू गांव आए हुए थे। शनिवार रात को मेरे साले खेतों में बैठे बेटे को समझाने गए तो जगबीर ने वहां उनके साथ हाथापाई की और उनके सिर पर चोटें मार दी। इसके बाद रविवार को जब पूरा परिवार घर पर मौजूद था तो उसका बेटा जगबीर, पूर्व मंत्री रामा का बेटा मनी, काला, लखी और जग्गा सहित चार पांच अन्य लोग हथियाराें के साथ उसके घर में ही घुस आए और परिजनों से बहस करने लगे। काला ने बताया कि उन लोगों ने हमारे साथ काफी मारपिटाई की। इसमें वह, उसकी पत्नी सोमा रानी, बेटी समनप्रीत, साला वकील और बिट्टू घायल हो गए।
आरोप है कि जान से मारने की धमकी देते हुए पूर्व मंत्री के बेटे ने पिस्तौल से गोली चलाई। मनी और उसके साथी जगबीर की माता सोमा बाई को गोली मारकर वहां से फरार हो गए। गोली लगने से जगबीर की माता सोमा रानी गंभीर घायल हो गई। हालांकि घटना के दौरान बाकी के सदस्यों को भी काफी चोटें आई। सभी लोगों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान घायलों ने गोली चलाने का आरोप हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री रामस्वरूप रामा के बेटे मनी पर लगाया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव रतनगढ़ में बाप-बेटे के बीच चल रहे विवाद के कारण यह झगड़ा हुआ है, जिसमें गोली चलने की बात सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। पूर्व मंत्री के बेटे का नाम गोली चलाने में सामने आया है। अभी जांच कर रहे हैं कि गोली किसने चलाई है, लेकिन इस मामले में जो भी दोषी है, उस पर कार्रवाई करेंगे।
- कुलदीप सिंह, थानाध्यक्ष
आरोप निराधार
आरोप पूरी तरह से निराधार हैं और मैंने स्वयं थाना प्रभारी से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की बात कही है।
- रामस्वरूप रामा, पूर्व मंत्री, हरियाणा