फतेहाबाद। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय फतेहाबाद के व्हाट्सएप ग्रुप में क्लर्क द्वारा अश्लील फोटो डालने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने जांच शुरू कर दी है। इसकी जांच के लिए उप जिला शिक्षा अधिकारी वेद दहिया के नेतृत्व में कमेटी गठित की गई है। जिसमें खंड शिक्षा अधिकारी फतेहाबाद और तकनीकी कर्मचारी शामिल है। कमेटी जांच करेगी कि कैसे व्हाट्सएप ग्रुप में डाला गया और क्या मकसद था। कमेटी की जांच रिपोर्ट के बाद विभाग कार्रवाई करेगा। हालांकि विभाग के अधिकारी पुलिस में मामला दर्ज करवाने की जगह इस मामले को रफा-दफा करने के चक्कर में हैं। वहीं कमेटी में शामिल सदस्यों का कहना है कि उनके पास अभी तक जांच के आदेश नहीं पहुंचे जबकि डीईओ का कहना है कि कमेटी गठित कर दी गई है।
ज्ञात हो कि खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय फतेहाबाद ने सूचनाओं के आदान-प्रदान लिए व्हाट्सएप ग्रुप बना रखा है। इसमें खंड के शिक्षक, शिक्षिकाएं, अधिकारी और क्लर्क मौजूद हैं। शुक्रवार रात को एक स्कूल में तैनात क्लर्क ने अश्लील फोटो ग्रुप में डाल दी। आनन-फानन में अधिकारियों ने आरोपी क्लर्क को ग्रुप से निकाल दिया लेकिन फोटो नहीं हटाई गई। इसके चलते ग्रुप में मौजूद शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों ने कार्रवाई की मांग उठाई थी। वहीं कई शिक्षिकाएं भी ग्रुप से निकल गई थीं। घटनाक्रम के बाद बीइओ ने जांच के लिए डीइओ कार्यालय को लिखा था।
वर्जन
मामले की जांच के लिए उप जिला शिक्षा अधिकारी वेद दहिया, बीइओ फतेहाबाद व एक तकनीकी कर्मचारी की कमेटी बनाई गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी
-------------
मुझे मौखिक रूप से पता चला है कि कमेटी में शामिल किया गया है लेकिन अभी तक लिखित आदेश नहीं आए हैं। लिखित आदेश आने के बाद जांच की जाएगी।
- सुरेश शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी, फतेहाबाद
---------
मुझे कमेटी सदस्य बनाने की कोई जानकारी नहीं है। मैं पिछले दो दिनों से छुट्टी पर हूं। मुझे मामले की ही जानकारी नहीं है।
- वेद दहिया, उप जिला शिक्षा अधिकारी