फतेहाबाद। शहर के भट्टू रोड पर स्थित पूर्व विधायक दुड़ाराम के कार्यालय के बाहर लोक निर्माण विभाग ने स्पीड ब्रेकर बना दिए हैं। हालांकि इस रोड पर पहले कोई भी स्पीड ब्रेकर नहीं था। लोक निर्माण विभाग ने पूर्व विधायक के मौखिक आदेश मानते हुए सड़क के दोनों तरफ स्पीड ब्रेकर बना दिए।
पहले दिन बिना किसी नियम के विभाग ने इनका निर्माण कर दिया। शनिवार रात को नए बनाए गए स्पीड ब्रेकर के कारण तीन वर्षीय बच्ची को चोट भी लग गई। जिसके बाद अब रविवार को विभाग ने बनाए गए स्पीड ब्रेकर पर घरों पर करने के लिए इस्तेमाल होने वाला पेंट पट्टी बनाने के लिए प्रयोग किया है।
रोड पर पट्टी बनाने के लिए खास कैमिकल के साथ खास मशीन का इस्तेमाल होता है। विभाग ने औपचारिकता पूरी करने के लिए घरों में इस्तेमाल होने वाला पेंट पट्टी बनाने के लिए प्रयोग किया है। जब इसको लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को फोन किया तो उन्होंने नहीं उठाया।