न्यायिक परिसर के बाहर से बाइक चोरी
फतेहाबाद। शहर के न्यायिक परिसर के बाहर से बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। भिरड़ाना निवासी सुरेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सुरेंद्र ने बताया कि शुक्रवार को वह किसी कार्य हेतु न्यायिक परिसर में आया था। उसने वकीलों के लिए बन रहे चैंबरों के बाहर अपनी बाइक खड़ी कर दी और न्यायिक परिसर के अंदर चला गया। करीब 3 घंटे बाद जब वह बाहर आया तो देखा कि उसकी बाइक वहां नही था। उसने अपने स्तर पर बाइक की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
पपीहा पार्क के सामने से बाइक चोरी
फतेहाबाद। शहर के पपीहा पार्क के सामने से बाइक चोरी हो गई। पुलिस को दी शिकायत में गांव भूथनकलां निवासी साहिल ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने भाई की बाइक लेकर गांव से फतेहाबाद शहर आए थे। साहिल के अनुसार दोपहर करीब तीन बजे उन्होंने अपनी बाइक शहर के पपीहा पार्क के सामने खड़ी की थी। खरीदारी के लिए वह रेहड़ी पर गए थे। कुछ देर बाद उन्होंने वापस आकर देखा तो उनकी बाइक वहां नहीं थी। उन्होंने अपने स्तर पर कई जगह बाइक तलाशी की लेकिन पता नहीं चला। उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी
फतेहाबाद। शहर के मॉडल टाउन स्थित पूनम आंखों के अस्पताल के बाहर से मोटर साइकिल चोरी हो गया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव बोहा तहसील बुढ़लाड़ा पंजाब निवासी सरवन सिंह ने बताया कि बीते शुक्रवार को वह अपने भाई राम सिंह की स्पलेंडर प्लस मोटर साइकिल लेकर अपनी मौसी हरदेव कौर की आंखों का ऑपरेशन करवाने के लिए पूनम आंखों के अस्पताल में आया था। करीब पौने 10 बजे उसने अपना मोटरसाइकिल पूनम आंखों के अस्पताल के बाहर खड़ा किया और अस्पताल के अंदर चला गया। शाम करीब चार बजे जब वह अस्पताल के अंदर से वापस आया तो उसकी मोटरसाइकिल वहां नहीं था। अब पुलिस को मामले की शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।