साल 2021 के भी आठ महीने बीतने के बावजूद जिला मुख्यालय पर बना नया बस स्टैंड जनता को समर्पित नहीं हो सका। लाचार सरकारी सिस्टम जनता को मिलने वाली बड़ी सुविधा पर भारी पड़ रहा है। प्रदेश के एकमात्र चार मंजिला बस स्टैंड के शुरू होने में सबसे बड़ा रोड़ा वन विभाग की एनओसी बनी हुई है। वन विभाग से एनओसी लेने के लिए भी प्रशासन को जूझना पड़ रहा है। आठ महीने बाद पेयजल सप्लाई की एनओसी तो मिल गई है, लेकिन अब सीवर लाइन के लिए एनओसी की फाइल अटक गई है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 15 दिसंबर 2016 को फतेहाबाद रैली में नए बस स्टैंड के निर्माण की घोषणा की थी। इसके लिए 8 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। नए बस स्टैंड का निर्माण कार्य पहले ही दो साल देरी से पूरा हुआ था। उस देरी के बाद अब आठ महीने इस साल के भी व्यर्थ जा चुके हैं। अब तो बस स्टैंड का नया भवन भी खराब होने लगा है। दरअसल, नए बस स्टैंड का निर्माण 17 अप्रैल 2017 को शुरू किया गया था। इसे दो साल में पूरा करके साल 2019 में नया भवन रोडवेज विभाग को सौंपना था। मगर दो साल देरी के बाद दिसंबर 2020 तक बस स्टैंड तैयार हो पाया। संवाद
नए बस स्टैंड से रोडवेज के भी फिरेंगे दिन
नए बस स्टैंड के शुरू होने से रोडवेज विभाग को भी काफी फायदा होगा। बस स्टैंड की पहली दो मंजिल रोडवेज विभाग खुद प्रयोग करेगा जबकि तीसरी व चौथी मंजिल किराए पर दी जाएगी। बैंक व अन्य सरकारी कार्यालयों के लिए बिल्डिंग किराये पर दी जा सकेगी। इससे रोडवेज की आमदनी भी बढ़ेगी।
छोटा पड़ने लगा है शहर के अंदर का बस स्टैंड
मौजूदा समय में चल रहा बस स्टैंड शहर के अंदर है। अब यह काफी छोटा पड़ने लगा। वहीं, यहां बसों के आवागमन के दौरान जाम लगने की भी परेशानी रहती है।
फिलहाल यह काम है पेंडिंग
इस समय नए बस स्टैंड की शुरुआत करने के लिए पेयजल व सीवर लाइन का काम पेंडिंग हैं। पेयजल लाइन के लिए एनओसी मिल गई है। जल्द ही लाइन बिछाने का काम शुरू होगा। वहीं, सीवर लाइन के लिए एनओसी देने की फाइल लगाई हुई है।
लागत आई : 8 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री की घोषणा : 15 दिसंबर 2016
निर्माण शुरू हुआ : 17 अप्रैल 2017
पूरा करने की अवधि : जनवरी 2019
काम पूरा हुआ : दिसंबर 2020
कोट
वन विभाग से पेयजल लाइन के लिए एनओसी मिल गई है। जल्द ही सीवर लाइन की भी एनओसी मिलने की उम्मीद है। एनओसी देने की प्रक्रिया केंद्र सरकार के स्तर पर होती है। इस कारण देरी हुई है। बाकी जल्द ही नया बस स्टैंड शुरू करवाएंगे।
दुड़ाराम, विधायक, फतेहाबाद।