जाखल के गांव नडै़ल व चुहड़पुर के बीच भाखड़ा नहर के पुल की सड़क से रेलिंग तक खून के धब्बे और खून से सने पैरों के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति की हत्या कर शव को इस पुल से नहर में डाला दिया गया है। वीरवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना भी किया लेकिन शाम तक पुलिस न तो नहर से कोई शव बरामद कर सकी और न घटना के संबंध में किसी तरह की जानकारी जुटा सकी।
गांव नड़ैल के जगजीत सिंह, चुहड़पुर के पूर्व सरपंच सुखचैन सिंह, बलवंत सिंह, राजेंद्र सिंह, दलीप सिंह आदि ने बताया कि वीरवार सुबह भाखड़ा नहर के पुल पर खून बिखरा पड़ा मिला, सड़क से लेकर पुल की रेलिंग तक खून के छींटे पड़े हैं। पुल पर खून से सने पैरों के भी निशान मिले हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि जैसे किसी को सड़क पर मारकर उसे पुल की रेलिंग से नहर में फेंका गया हो। हालांकि यह केवल ग्रामीणों की आशंका भर है। इसके बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि यदि अभी नहर में पानी रुका हुआ है। पुलिस यदि नहर को खंगाले तो कुछ खुलासा हो सकता है। वैसे ग्रामीणों की सूचना पर थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि जांच की जा रही है। यह निशान किसके हैं और यहां कैसे मिले, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अभी कुछ भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है।