फतेहाबाद। ऑनलाइन गेम खेलने के चक्कर में गांव मताना निवासी 16 वर्षीय किशोर साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने पहले उसे टेलीग्राम आईडी के माध्यम से पबजी गेम की आईडी दिलाने का झांसा दिया और बाद में व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर धमकाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने किशोर को डराकर और ब्लैकमेल करके अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिये कुल 7 लाख 94 हजार 556 रुपये हड़प लिए। जांच अधिकारी एवं थाना प्रभारी राहुल देव का कहना है कि मामले में शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की फिलहाल जांच की जा रही है। जांच के लिए रिकॉर्ड लिया गया है।
मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मताना निवासी टाइल मिस्त्री ने बताया कि उसका 16 वर्षीय बेटा 12वीं कक्षा में पढ़ता है और ऑनलाइन गेम खेलता रहता है। एक दिन गेम खेलते समय उसके मोबाइल पर एक विज्ञापन आया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद वह एक टेलीग्राम आईडी से जुड़ गया। वहां उसे पबजी गेम की आईडी दिलाने का झांसा देकर रुपये मांगे गए। इसके बाद बेटे के मोबाइल नंबर पर एक व्हाट्सएप नंबर से वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति उसे धमकाने लगे। डर के कारण बेटे ने कॉल करने वाले का मोबाइल नंबर भी डिलीट कर दिया। आरोपियों ने उसे इस कदर डरा दिया कि वह कई दिनों तक परिवार के किसी सदस्य को इसकी जानकारी नहीं दे पाया।
-शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने बेटे से उसकी मां और दादा के सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक खातों से फोनपे के माध्यम से अलग-अलग ट्रांजेक्शन करवाए। इन खातों को आरोपियों ने फोनपे से लिंक भी करवाया था। कुछ रकम बेटे के फेम अकाउंट में डलवाकर वहां से अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली।
बेटे के बताने पर पिता ने की शिकायत
बच्चे के पिता ने बताया कि आरोपियों की बार-बार की धमकी से परेशान होकर 6 नवंबर को बेटे ने उसे पूरी घटना बताई। इसके बाद उसने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने पीड़ित के पिता के बयान के आधार पर 12 नवंबर को साइबर क्राइम थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।