रतिया। शहर में डोर टू डोर ठेकेदार द्वारा कचरा उठाने में बरती जा रही लापरवाही की शिकायतों के बाद सफाई निरीक्षक ओंकार सिंह ने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सफाई व्यवस्था में खामियां पाए जाने पर डोर टू डोर के ठेकेदार को नोटिस जारी कर 52,600 रुपये का जुर्माना लगाया है।
अगर ठेकेदार द्वारा जुर्माना राशि नहीं भरी गई तो उसके बिल में से राशि काटी जाएगी। सफाई निरीक्षक ओंकार सिंह ने बताया कि ठेकेदार द्वारा कचरा उठाने में लापरवाही किए जाने की शिकायतें लगातार उनके पास आ रही थी जिसको लेकर शहर में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया था। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर कचरा नहीं उठाया गया था।
निरीक्षक के अनुसार कचरा उठाने वाली सभी गाड़ियां भी शहर में कचरा नहीं उठा रही थी। इसकी रिपोर्ट तैयार की गई और एक दिन के लिए 52,600 रुपये का जुर्माना डोर टू डोर कचरा उठान एजेंसी को लगाया गया है। उन्होंने बताया कि अगर उक्त जुर्माना राशि नगर पालिका में जमा नहीं करवाई जाती तो एजेंसी के बिल में से या राशि काट ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोई समस्या शहर में नहीं आने दी जाएगी। अगर एजेंसी द्वारा सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की जाती तो एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को भी लिखा जाएगा। वहीं दूसरी तरफ एजेंसी को जुर्माना लगाया जाने के बाद भी उसकी कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं रहा। सोमवार को भी शहर के कई मार्गों पर दोपहर तक भी कचरे के ढेर लग रहे।