हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों कारे।
टोहाना (फतेहाबाद)। शहर के राम भवन के पास मंगलवार की रात दस बजे दो कारों के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में कार चालक सहित पांच लोग घायल हो गए। छह माह की बच्ची की हालत गंभीर बताई जाती है। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की सूचना पाकर शहर पुलिस ने पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।राहगीर विनोद कुमार के मुताबिक बहुत तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद मौके पर आकर देखा तो ब्रेजा कार दुर्घटनाग्रस्त थी।
हादसा इतना भीषण था कि ब्रेजा कार सवार महिला के हाथ से बच्ची बाहर गिर गई थी। बच्ची को जगदंबे ब्लड बैंक स्टाफ की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
मडिया गली निवासी पवन कुमार अपनी पत्नी प्रगति, तीन साल का बेटा चिनवे, अपने 28 वर्षीय भाई अजय, उसकी पत्नी दीक्षा और उसकी 6 माह की बेटी युविका के साथ ब्रेजा कार से बाजार से वापस घर आ रहे थे। इस बीच राम भवन के पास सामने से आ रही वेन्यू कार चालक ने टक्कर मार दी, जिससे ब्रेजा सवार पांच लोग घायल हो गए। जांच अधिकारी एवं शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घायलों का इलाज जारी है।