फतेहाबाद के एक राशन डिपो से राशन लेते लाभार्थी। यूनियन पदाधिकारी
फतेहाबाद। पिछले पांच महीनों से जिले में सरकारी राशन डिपो चला रहे संचालकों को उनका कमीशन नहीं मिला है, जिससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कमीशन का बकाया होने के कारण, कई डिपो संचालक राशन वितरण करने में भी हिचकिचा रहे हैं, जिससे लाभार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
राशन डिपो संचालकों को समय पर कमीशन न मिलने को लेकर वे अधिकारियों सहित विभाग के मंत्री से भी मुलाकात कर उन्हें अपनी समस्या बता चुके हैं लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इससे संचालक चिंतित हैं। डिपो संचालकों का कहना है कि वे जब समय पर लोगों को राशन देते हैं तो उन्हें उनका कमीशन समय पर क्यों नहीं मिलता।
समय पर कमीशन नहीं मिलने से उन्हें काफी दिक्कत होती है। घर का खर्च चलाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जिले में लगभग 370 राशन डिपो संचालकों हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने उन्हें पिछले पांच महीनों से उनके कमीशन का भुगतान नहीं किया है। यह कमीशन डिपो संचालकों के लिए उनकी आजीविका का एकमात्र स्रोत होता है।
कमीशन न मिलने की समस्या को लेकर मंत्री से कर चुके हैं मुलाकात
- कमीशन समय पर न मिलने की समस्या को लेकर ऑल फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष शीशपाल गोदारा ने बताया कि वे पिछले माह उनके विभाग के मंत्री राजेश नागर से भी मिल थे, उन्होंने यूनियन के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया था कि उनकी समस्या को लेकर अधिकारियों के साथ बात की जाएगी और समस्या का हल भी निकाला जाएगा। उसके बाद भी समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
-
यूनियन की बैठक में रखेंगे मुद्दा
डिपो संचालकों के कमीशन का भुगतान न होने से राशन वितरण में बाधा आ सकती है। ऑल फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष शीशपाल गोदारा ने बताया कि कमीशन न मिलने का मुद्दा आगामी बैठक में रखा जाएगा। बैठक में मुद्दे काे लेकर डिपो संचालक जो भी फैसला लेंगे। उसको लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। वहीं इस मामले में जब संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया।