पुलिस गिरफत में हत्या के सभी पांचों आरोपी। संवाद
टोहाना। शहर पुलिस ने 16 अक्तूबर की रात को घर से बुलाकर युवक की हत्या के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वार्ड 11 किला मोहल्ला निवासी मोहित ने पुलिस को शिकायत दी थी।
उप-पुलिस अधीक्षक उमेद सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने हिसार जिले के गांव बिठमड़ा निवासी विक्रम उर्फ विक्की, पंजाब के सरदूलगढ़ निवासी एकमजोत सिंह, पंजाब के मानसा जिले का गौरव शर्मा व भिखी निवासी शहबाज सिंह और नेपेवाला निवासी सुरेंद्र उर्फ काला मास्टर को गिरफ्तार किया है।
मोहित के अनुसार उसके भाई रोहित को कुछ नामजद व्यक्तियों ने रास्ते में रोककर बुरी तरह से मारपीट की। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए शहर थाना पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
-
जन्मदिन पार्टी में चोट मारने की थी योजना
डीएसपी ने बताया कि आरोपी रमन वारदात का मास्टरमाइंड है। जिसने अपने घर जन्मदिन पार्टी में रोहित को चोट मारने की योजना बनाई थी। रोहित नशीला पदार्थ देने के लिए आया था। इस बारे में उनमें कहासुनी हुई और रोहित को आरोपियों ने चोट मार दी। इलाज के दौरान रोहित की मौत हो गई थी। डीएसपी ने बताया कि मृतक के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट, लड़ाई झगड़े और नशा तस्करी के केस दर्ज हैं। पकड़े गए सभी आरोपियों पर भी केस दर्ज हैं। डीएसपी ने बताया कि इस मामले में कुल 8 आरोपी है जबकि पांच गिरफ्तार किए जा चुके हैं।