कपड़ा व्यापारी की गाड़ी का जायजा लेते सीन ऑफ क्राइम टीम। संवाद
- फोटो : Fatehabad
रतिया। शहर के एक कपड़ा व्यापारी पर सोमवार देर रात घर लौटते समय कुछ बदमाशों ने फायरिंग कर दी। व्यापारी ने महमदकी गांव की गलियों में भागकर जान बचाई। बदमाश व्यापारी की गाड़ी में पड़े 5 लाख 50 हजार रुपये, लैपटॉप व शोरूम की चाबियां लेकर फरार हो गए। इसके बाद व्यापारी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलने के तुरंत बाद डीएसपी सुभाष बिश्नोई, रतिया सदर के थानाध्यक्ष हरफूल सिंह, सीन ऑफ क्राइम के इंचार्ज डॉ. जोगिंद्र सिंह व सीआईए की टीम ने वारदात स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर एक नामजद सहित चार व्यक्तियों के खिलाफ हत्या प्रयास, आर्म्स एक्ट तथा अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों ने व्यापारी को वीडियो व ऑडियो रिकॉर्डिंग भी व्हाट्सएप पर डाल कर उसे जान से मारने की धमकी भी दी है।
गांव महमदकी निवासी तलविंदर सिंह पुत्र राम सिंह ने बताया कि वह देर रात रतिया से अपने कपड़े के शोरूम दंदीवाल एंपोरियम को बंद करके अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में अपने गांव जा रहा था। जैसे ही वह गांव खाई से आगे निकला तो सामने से एक स्विफ्ट कार में सवार 4 लोगों ने अपनी गाड़ी मेरी गाड़ी के आगे लगा दी। मैंने अपनी गाड़ी को कट मार मारकर गाड़ी को गांव महमदकी की तरफ भगा लिया। तलविंदर ने आरोप लगाया कि स्विफ्ट गाड़ी में 4 लोग सवार थे, जिनमें से एक पंजाब निवासी जिंदा सिंह व तीन अन्य थे। उन्होंने उसकी गाड़ी पर फायरिंग कर दी। जिससे दो गोलियां गाड़ी के बैक साइड में लगी व एक गोली दूसरी साइड पर लगी। फायरिंग होती देख वह बचाव के लिए गाड़ी को गांव में लेकर घुस गया। जान बचाने के लिए गाड़ी को गली में छोड़कर भाग गया। तलविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि जिंदा नाम के एक व्यक्ति ने घटना से पहले अपने फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग व ऑडियो रिकॉर्डिंग कर मेरे व्हाट्सएप पर डाली। मुझे व मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
कपड़ा व्यापारी ने आरोप लगाया कि इसके बाद उक्त हमलावर उसकी गाड़ी में रखे 5 लाख 50 हजार रुपये व एक लैपटॉप व दुकान की चाबी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई सूचना मिलने के बाद देर रात को ही सदर थाना प्रभारी हरफूल सिंह व सीआईए की टीम मौके पर पहुंच गई। बाद में सीन ऑफ क्राइम के इंचार्ज जोगिंद्र सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम को गाड़ी के अंदर से गोलियों के दो खोल भी मिले हैं। पुलिस ने इस मामले में कपड़ा व्यापारी की शिकायत पर जिंदा सिंह व उसके तीन साथियों के खिलाफ हत्या प्रयास आर्म्स एक्ट व अन्य विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है । हालांकि शुरू में पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही थी, लेकिन जब पुलिस द्वारा गाड़ी की जांच की गई और मौके का निरीक्षण किया गया तो उसके बाद पुलिस ने कपड़ा व्यापारी द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।