नहला-अग्रोहा मार्ग पर जली हुई कार।
- फोटो : Fatehabad
भूना। नहला से अग्रोहा मार्ग पर रविवार की अलसुबह कार में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई है। परंतु फायर बिग्रेड की गाड़ी के मौके पर न पहुंच पाने के कारण कार पूरी तरह से जल गई। आग लगने के बाद चालक ने कार को धीमी करके जान बचाई। पुलिस शिकायत में कार चालक ने आग लगने का कारण इंजन में तकनीकी खराबी को बताया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस शिकायत में रोहतक जिला के गांव मदीना निवासी रमेश कुमार पुत्र रघुवीर सिंह ने बताया कि वह शनिवार को अपनी बहन के ससुराल गांव पाबड़ा आया हुआ था। रविवार की अलसुबह जब वह पाबड़ा से वाया नहला-अग्रोहा जा रहा था तो एचआर 29 जेड-0790 फोर्ड फिगो कार के इंजन में अचानक आग लग गई। उन्होंने बताया कि सड़क के पास ढ़ाणी के लोगों ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी व पानी से आग बुझाने की कोशिश की और सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। फायर बिग्रेड की गाड़ी जब मौके पर पहुंची तब तक कार पूरी तरह से जल गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि रविवार की दोपहर बाद आग लगने की सूचना दी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार में लगी हुई आग की जांच शुरू कर दी गई है।