रामनिवास मौहल्ला में घर में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मचारी
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। पुरानी तहसील चौक स्थित रामनिवास मोहल्ला में स्थित तुलसीदास मंदिर के पास रविवार दोपहर बाद एक मकान में अचानक आग लग गई। आगजनी इतनी भयंकर थी कि घर का सारा सामान जल गया, वहीं गैस सिलिंडर ने भी आग पकड़ ली। आगजनी की सूचना पाकर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया तथा सिलिंडर को भी घर से बाहर निकाला।
गनीमत यह रहा कि सिलिंडर में धमाका नहीं हुआ, अन्यथा आसपास के घर भी चपेट में आ जाते। रामनिवास मोहल्ले की यह गली काफी तंग थी, जिस कारण दमकल विभाग की बड़ी गाड़ी गलियों में नहीं घुस पाई, इसलिए छोटी गाड़ियों को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। मामले के मुताबिक रामनिवास मोहल्ला निवासी गुलशन सरदाना व पंकज सरदाना चाय का काम करते हैं। रविवार दोपहर को घर पर कोई नहीं था और उनकी माता बाहर पड़ोस में बैठी थी। इसी दौरान उनके घर में धुआं उठता देखकर पड़ोसियों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल विभाग की बड़ी गाड़ियां मौके पर पहुंची, लेकिन गलियां इतनी संकरी थी, कि बड़ी गाड़ी गलियों में नहीं घुस पाई। इसके बाद दमकल विभाग की छोटी गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। इस दौरान घर में आग पूरी तरह से फैल गई थी और आग बेकाबू हो चुकी थी। यही नहीं रसोई घर में रखे गैस सिलिंडर ने भी आग पकड़ ली। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने दूसरे घरों की छतों पर चढ़कर व मकान के मेन गेट से आग बुझाने का काम आरंभ किया और आग लगे गैस सिलिंडर को बाहर निकालकर उसकी आग बुझाई।
मोहल्ले में रही हड़कंप की स्थिति :
आगजनी की सूचना के बाद मोहल्लावासियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन जब तक गुलशन सरदाना के घर का पूरा सामान जलकर राख हो चुका था। घर के बेड, पंखे, अलमारी व रसोई का सामान पूरी तरह से जल गया। वार्ड के पूर्व पार्षद राकेश गंभीर ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। उन्होंने बताया कि यह परिवार काफी गरीब परिवार है और वह डीसी से आग्रह करेंगे कि परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए, क्योंकि आगजनी में उनके घर का पूरा सामान जल गया है। वहीं दमकल कर्मचारी सतबीर सहारण ने बताया कि तंग गलियां होने के कारण दमकल की बड़ी गाड़ियां घर तक नहीं पहुंच पा रही थी, इसलिए तुरंत छोटी गाड़ियों को बुुलाया गया। उन्होंने बताया कि रसोई में रखे गैस सिलेंडर में भी आग लग गई थी, जिसे बुझाया गया है। उन्होंने बताया कि आगजनी में करीब इस परिवार को 2 लाख रुपये का नुकसान होने की आशंका है।
तंग गली होने के कारण रामनिवास मौहल्ला में फंसी दमकल विभाग की गाड़ी- फोटो : Fatehabad