फतेहाबाद। शहर से गुजर रहे फोरलेन पर हांसपुर कट के पास सोमवार दोपहर को हिसार से आ रही एक गाड़ी में अचानक आग लग गई। धुंआ निकलते देख चालक बाहर आया और उसने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन काबू नहीं हुआ। गाड़ी में सवार तीनों युवक बाहर निकले और जान बचाई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग को बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची, लेकिन तब तक गाड़ी काफी जल चुकी थी।
जानकारी के अनुसार सिरसा निवासी विकास अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ सोमवार सुबह किसी काम के लिए अपनी गाड़ी रैनो डस्टर लेकर हिसार गए थे। सोमवार दोपहर फतेहाबाद के हांसपुर कट से गुजरने लगे तो गाड़ी में एकाएक धुआं निकलना शुरू हो गया। चालक बाहर आया और पास के होटल से पानी डाला लेकिन इस दौरान कार ने एकाएक आग पकड़ ली। अंदर बैठे तीनों युवक बाहर आए। देखते-ही देखते आग भड़क गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। वहीं आग लगने की घटना देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।