फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में घायल के ब्यान दर्ज करते हुए पुलिसकर्मी संवाद
फतेहाबाद। पुराना बस स्टैंड के पास शराब ठेके पर सोमवार देर रात हथियारबंद युवकों ने सेल्समैन सुंदर भट्टूकलां को पीट दिया। घटना की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार को एक नामजद समेत आठ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, युवकों ने पहले बीयर की पेटी ली और इसके बाद अंदर घुसकर हमला किया। मोबाइल फोन पर बात पर विवाद शुरू हुआ। सेल्समैन ने कहा कि आवाज ठीक से नहीं आ रही है, नया फोन ले लो। यह बात युवकों को नागवार लगी और उन्होंने गेट खोलकर अंदर घुसकर मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने सेल्समैन पर डंडों से हमला किया और फिर मौके से भाग गए।
घायल सुंदर का उपचार नागरिक अस्पताल में चल रहा है। वारदात शराब ठेके पर लगे कैमरे में कैद हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को तुरंत सूचना दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर मामले की जांच जारी है।