फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: कक्षा में मोबाइल फोन मिलने पर दो छात्राओं को बाल पकड़कर घसीटा और पीटा

Tue, 02 Dec 2025 11:22 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
भूना क्षेत्र के निजी स्कूल में छात्रा को पीटते हुए का सीसीटीवी फुटेज स्त्रोत सोशल मीडिया
विज्ञापन
भूना (फतेहाबाद)। ढाणी भोजराज गांव स्थित नवज्योति हाई स्कूल में 11वीं-12वीं कक्षा की दो छात्राओं को बाल पकड़कर घसीटने और बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। घटना 24 नवंबर की बताई जा रही है। इसका 53 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस पर संज्ञान लेते हुए डीईओ संगीता बिश्नोई ने खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) निर्मला सिहाग को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, जांच में पता चला है कि स्कूल को दसवीं तक मान्यता है जबकि कक्षाएं 11वीं और 12वीं तक की लग रही हैं। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर स्कूल संचालक व छात्राओं व उनके अभिभावकों के बयान दर्ज किए हैं। परिजनों की ओर से शिकायत नहीं देने पर फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
विज्ञापन


वीडियो में स्कूल संचालक सुभाष चंद्र गुस्से में छात्राओं पर चिल्लाते और धमकाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद लाइन में सबसे आगे खड़ी छात्रा को थप्पड़ मारते हैं और बाल पकड़कर जमीन पर पटक देते हैं। छात्रा जैसे ही उठने का प्रयास करती है, वह पीछे से बाल पकड़कर घुटनों से उस पर हमला करते हैं। इसके बाद लाइन में सबसे पीछे खड़ी दूसरी छात्रा को गले से पकड़कर आगे खींचते हैं और झकझोरते हैं। इस दौरान अन्य छात्राएं सहमीं खड़ी नजर आ रही हैं। जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने कहा कि स्कूल की मान्यता की जांच होगी और छात्राओं के साथ मारपीट मामले में सख्त कदम उठाया जाएगा। भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि सूचना मिलने पर वे स्कूल पहुंचे थे और छात्राओं व उनके परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से इन्कार कर दिया।

सर, आपकी लड़की फोन क्यों रखती है... इतना सुनते ही फूटा गुस्सा

दरअसल कक्षा में दो छात्राओं से मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। स्कूल संचालक ने मोबाइल फोन छीना तो छात्रा ने सवाल किया कि सर, आपकी लड़की फोन क्यों रखती है इतना सुनते ही वे गुस्से में बेकाबू हो गए। पीड़ित छात्राएं रोती हुई घर पहुंचीं और परिजनों को जानकारी दी। मामला पंचायत तक पहुंचा, जहां ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया।
विज्ञापन


सरपंच प्रतिनिधि बोले- मामला पंचायत में निपट गया था



सरपंच प्रतिनिधि राजेश कुमार ने बताया कि इस घटना के बाद अभिभावक स्कूल पहुंचे थे और पंचायत स्तर पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। किसी ने पुलिस को शिकायत नहीं दी थी, लेकिन वीडियो वायरल होने से मामला तूल पकड़ गया है।

शिक्षा विभाग पर लापरवाही के आरोपछात्राओं के साथ मारपीट मामले में शिक्षा विभाग की भूमिका सवालों के घेरे में आ गई है। लोगों का आरोप है कि बीईओ निर्मला सिहाग ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और आरोपी को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। स्कूल की मान्यता केवल 10वीं तक है, फिर भी लंबे समय से 11वीं-12वीं की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं जो शिक्षा विभाग की लापरवाही की ओर इशारा करती है।

-

स्कूल संचालक की सफाई

कुछ छात्राओं को समझाने के लिए 24 नवंबर को ऑफिस में बुलाया था। इस दौरान उन्हें धमकाया और दो छात्राओं को थप्पड़ भी लगाए। मेरी व्यक्तिगत तौर पर किसी से कोई रंजिश नहीं है। गांव के कुछ शरारती तत्व स्कूल में आकर डीवीआर लेकर चले गए और फुटेज को वायरल कर दिया। छात्र के माता-पिता को बता दिया था कि उन्होंने छात्राओं को थोड़ा धमकाया था।

- सुभाष चंद्र, संचालक, नवज्योति हाई स्कूल

-

जांच कर रिपोर्ट कर देने के निर्देश दिए हैं

स्कूल संचालक की ओर से मान्यता से अधिक कक्षाएं चलाना नियमों का उल्लंघन है। इसके लिए विभागीय कार्रवाई की जाएगी। छात्राओं के साथ मारपीट के बारे में बीईओ भूना को जांच कर रिपोर्ट के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद निदेशालय को कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। - संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें