फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में एचआईवी संक्रमितों की रिपोर्ट मुख्यालय को भेजते हुए काउंसलर रमेश
फतेहाबाद। एचआईवी संक्रमितों को पेंशन का इंतजार खत्म होने जा रहा है। एचआईवी संक्रमितों की पेंशन के लिए वित्त विभाग ने 40 करोड़ रुपये रुपये की मंजूरी दे दी है। मरीजों का स्वास्थ्य विभाग ने अक्टूबर माह तक रिकॉर्ड मांगा है। उन मरीजों का रिकॉर्ड मांगा गया है जिनकी हाजिरी रेगुलर है यानि दवाई ले रहे हैं। जल्द संक्रमितों के खाते में पेंशन राशि जारी होने की उम्मीद है। इसकी पुष्टि स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. मनीष बंसल ने की है।स्वास्थ्य विभाग फतेहाबाद से 257 संक्रमितों का रिकॉर्ड एआरटी सेंटर रोहतक पीजीआई में भेजा गया है। जबकि जिले में 410 से ज्यादा संक्रमित दवाई ले रहे हैं। उन्हीं संक्रमितों को दवाई मिलेगी जो नियम पूरे करते हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में पिछले साल अप्रैल माह से इस साल फरवरी माह तक 238 एचआईवी संक्रमित मिल चुके हैं, इसमें 16 गर्भवती भी शामिल हैं।
257 एचआईवी संक्रमित ही कर पाए दस्तावेज पूरे
स्वास्थ्य विभाग फतेहाबाद ने उन्हीं एचआईवी संक्रमितों के दस्तावेज लिए हैं जो कि लिंक एआरटी (एंटी रेट्रोवायरल थैरेपी) से दवा ले रहे हैं। जिले में करीब 410 मरीज दवा ले रहे हैं इसमें दूसरे जिले के भी शामिल हैं और यहां के मरीज दूसरे जिले से भी दवा ले रहे हैं। लेकिन 257 एचआईवी संक्रमित ही दस्तावेज पूरे कर पाए हैं इसके पीछे कारण यह कि वार्षिक आय दो लाख से कम होनी चाहिए।
जिले में ये मिल चुके हैं एचआईवी संक्रमित
माह सामान्य जांच संक्रमित मिले गर्भवती की जांच संक्रमित मिले
अप्रैल 2197 11 1683 1
मई 1851 11 1614 2
जून 1475 11 1929 3
जुलाई 1186 19 1464 0
अगस्त 1221 17 1731 2
सितंबर 1209 18 1507 6
अक्टूबर 985 12 1355 0
नवंबर 1066 9 1092 0
दिसंबर 1084 10 1097 1
जनवरी 1337 8 1043 0
फरवरी 1536 6 1066 1
कोट
एचआईवी संक्रमितों को पेंशन देने के लिए 40 करोड़ के बजट का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा था। वित्त विभाग ने मंजूरी दे दी है। जल्द ही जारी हो जाएगा। जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि वह रिकॉर्ड तैयार रखें। बजट आते ही पात्रों के खाते में राशि जारी हो जाएगी।
- डॉ. मनीष बंसल, निदेशक, स्वास्थ्य विभाग पंचकूला