रतिया। गांव मिराना में डीजे पर नाचने को लेकर दो पड़ोसियों में झगड़ा हो गया। जिसमें दोनों पक्षों के 6 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए शहर के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
वहीं सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस भी मौके पर पहुंचा और मामले को शांत करवाया। शुक्रवार रात को गांव मिराना में इंद्रजीत सिंह के घर पर सत्संग आयोजित किया गया था। सत्संग के बाद इंद्रजीत के परिवार के सदस्यों ने डीजे चला दिया और नाचने लगे। उनके पड़ोस में ही रहने वाले सुखप्रीत, गगन, सतपाल, तरसेम, गुरदीप, बलवीर इत्यादि डीजे पर नाचने के लिए आ गए।
इस पर इंद्रजीत के परिवार के सदस्यों ने पड़ोसियों को डीजे पर नाचने से रोक दिया तो दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों में झगड़े के दौरान एक दूसरे पक्ष पर ईंट पत्थर से हमला कर दिया। रात को ही पड़ोसियों ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत किया, लेकिन शनिवार सुबह फिर से दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया और पत्थरबाजी शुरू हो गई।
इस पत्थरबाजी और झगड़े में एक पक्ष के अमन, गुरप्रीत, मितो बाई, अमरो बाई, सुरजीत कौर तथा दूसरे पक्ष के गुरदीप सिंह घायल हो गए। जिन्हें ग्रामीणों ने रतिया के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। इनमें से अमन, सुरजीत कौर, मितो बाई को ज्यादा चोट लगने के कारण रेफर कर दिया गया है।
वहीं सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को शांत किया। थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने कहा कि गांव में लड़ाई झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी और मामले को शांत किया गया है। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।