भट्टू कलां। कस्बे के माचरा मंडी और अनाजमंडी के एक छोर पर पिछले करीब 10 दिनों से सीवर के मैनहोल बंद पड़े हैं। सीवरेज बंद होने से बदबूदार गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। सीवर ओवरफ्लो होने से मोहल्ले में दुर्गंध फैल रही है। इससे लोगों का जीना मुहाल हो रहा है।
कस्बा निवासी रमेश, विनोद, अजय, अमन, राजेश, महेश आदि लोगों ने बताया कि भट्टू मंडी में कई विभागाें ने सीवरेज की पाइपलाइन डाली है लेकिन इन विभागों में तालमेल न होने के कारण भी समस्या दूर नहीं हो पाती। स्थानीय लोगों ने सरपंच और मार्केट कमेटी के सचिव को कई बार सूचित किया। सफाई कर्मचारी कई बार चोक लाइन को खोल देते हैं लेकिन फिर लाइन बंद हो जाती है। इससे गंदा पानी सड़काें पर फैल जाता है।
समस्या का स्थायी समाधान न होने के कारण दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए।
पांच कोट-
भट्टूमंडी की सीवर लाइन बहुत पुरानी और छोटी है। ये जर्जर लाइन आए दिन बंद हो जाती है। सड़क और दुकानों के आगे गंदा पानी भरा रहने से ग्राहक भी आने से कतराते हैं। - रमेश कुमार, दुकानदार।
-
भट्टू में सीवर लाइन गलत तरीके से डाली गई है। इससे कस्बे में यह समस्या रोज बनी रहती है। दोबारा बड़ी लाइन डालकर प्रशासन को इस समस्या से छुटकारा दिलाना चाहिए। - विनोद कुमार निवासी माचरामंडी।
-
भट्टूमंडी में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और मार्केट कमेटी ने सीवर लाइन डाली है। इन विभागों में तालमेल का अभाव है। सीवरेज लाइन की समस्या का स्थायी समाधान होना चाहिए। - अजय कुमार निवासी प्रतापनगर।
सीवर लाइन आए दिन बंद होने से लोगों को गंदगी भरे माहौल में जीना पड़ रहा है। बंद लाइन को एक बार खोलने के बाद सफाई कर्मचारी कई दिनों तक उसे नहीं सुधारते। इससे काफी परेशानी होती है। - राजेश निवासी माचरा मंडी।
मुख्यमंत्री योजना के तहत नई सीवर लाइन डाली जा रही है। कुछ मोहल्लों में काम पूरा हो चुका है। पूरे क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने के बाद डिस्पोजल टैंक बनाकर समस्या का स्थायी हल किया जाएगा। - आशु गोयल, सरपंच प्रतिनिधि।