फतेहाबाद में नगर कीर्तन के दौरान गतका खेलते सिख युवक।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। गुरुनानक देव के प्रकाश दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर कीर्तन निकाला गया। इस अवसर पर फुलां वाली पालकी च सतगुरु आए ने, आओ नगर कीर्तन दे दर्शन पाईये, सतनाम वाहे गुरु, बोले सो निहाल सत श्री अकाल आदि जयघोष से शहर गुंजायमान हो उठा। पांच प्यारों की अगुवाई में मेन बाजार स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा से शुरू हुआ नगर कीर्तन जवाहर चौक, थाना रोड, फव्वारा चौक, हंस मार्केट, बस स्टैंड, राष्ट्रीय राजमार्ग, लालबत्ती चौक, बीघड़ चौक, जगजीवनपुरा, निर्माणाधीन नया गुरुद्वारा, पुराना बस स्टैंड, भूना मोड़, ऑटो मार्केट व डीएसपी रोड से होते हुए गुरुद्वारा सिंह सभा में पहुंचा।
जगह-जगह तोरण द्वार लगाकर श्रद्धालुओं ने नगर कीर्तन का स्वागत किया और प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर यूथ खालसा सोसायटी के सदस्यों ने गतका की प्रस्तुति दी। गुरुग्रंथ साहिब की पालकी के मार्ग में आने वाले रास्ते की श्रद्धालु सफाई करते हुए जा रहे थे। इस अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा प्रबंधक कमेटी प्रधान हरचरण सिंह, महासचिव महेंद्र सिंह वधवा, मास्टर नानक सिंह, भगवंत सिंह, महेंद्र सिंह ग्रोवर, कुलवंत सिंह, गुरजीत ग्रोवर, हरिमंद्र मिंकू, मंगासिंह, काकू वधवा, हरपाल सिंह, हेडग्रंथी भाई संतोख सिंह कोमल सहित अनेक संगत नगर कीर्तन में गुरु की वाणी का गुणगान करते हुए जा रही थी।
आज सजाया जाएगा गुरु का दीवान
सचिव महेंद्र सिंह वधवा ने बताया कि प्रकाश दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को गुरुद्वारा सिंह सभा में गुरु का दीवान सजाया जाएगा। इसमें स्थानीय सुखदेव सिंह कोमल व गुरुनानकपुरा गुरुद्वारे के भाई हरजीत सिंह रागी जत्था व बाहर से परविंद्रपाल सिह गुटर दमदमी टकसाल कथावाचक व रागी जत्था हरपाल सिंह गुटर दमदमी टकसाल शबद कीर्तन के माध्यम से गुरुओं की महिमा का वर्णन करेंगे। इस अवसर पर गुरु का अटूट लंगर बरतेगा।