भूना। गांव जांडली खुर्द में एक महिला ने अपने शराबी पति से तंग आकर रविवार देर शाम को फांसी का फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल फतेहाबाद भेजा। पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद मृतका का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने मृतक महिला के भाई की शिकायत पर उसके पति भजनलाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में हिसार जिले के गांव तलवंडी राणा निवासी कौर सिंह ने बताया कि उसकी छोटी बहन बाला देवी की शादी 1997 में जांडली खुर्द के भजन लाल के साथ हुई थी। इस दौरान उनकी बहन को तीन लड़के हुए, जिनमें बड़े की उम्र 22 साल है। कौर सिंह ने आरोप लगाया कि मेरी बहन बाला के साथ मेरा बहनोई भजनलाल शराब के नशे में धुत होकर हर रोज मारपीट करता था। कई बार मैं और मेरे परिवार के सदस्य भजनलाल को समझा कर भी जाते थे। परंतु वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और उसने बाला देवी को शराब का सेवन के बाद मारपीट व प्रताड़ित करने का सिलसिला बंद नहीं किया। इसलिए पति भजनलाल की प्रताड़ना से तंग आकर उसकी बहन बाला देवी ने चुन्नी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला को समाप्त कर लिया। भूना थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि शराबी पति की प्रताड़ना से तंग आकर जांडली खुर्द की एक महिला ने फांसी का फंदा लगा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने मृतक महिला के भाई की शिकायत पर उसके पति भजनलाल के विरुद्ध आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है।